अमेरिका, चीन और रूस अपने संबंधों में एक संतुलन बना लें, तो यही शेंजेन बैठक की बड़ी सफलता होगी। मतलब यह कि नज़ारा चाहे जितना बड़ा हो, उससे ठोस कुछ उभरने की गुंजाइश कम ही है।
चीन के शेंजेंन में गुरुवार को “बिग-3” मिलेंगे, तो बेशक दुनिया का ध्यान उस पर टिका होगा। एपेक शिखर सम्मेलन के लिए वहां पहुंचे अमेरिका, चीन, और रूस के राष्ट्रपतियों की वहां प्रस्तावित त्रिपक्षीय बातचीत को चीन ने एक नई जमीन तैयार होने जैसा महत्त्वपूर्ण बताया है। आम भी राय है कि बैठक आधुनिक भू-राजनीति का ऐतिहासिक मोड़ साबित होने जा रही है। मीडिया के एक हिस्से ने डॉनल्ड ट्रंप, व्लादीमीर पुतिन और शी जिनपिंग की मुलाकात की तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन की है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद क्राइमिया (रूस) स्थित याल्टा में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलीन डी. रुजवेल्ट, ब्रिटिश प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल और सोवियत कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव जोसेफ स्टालिन मिले थे। समझा जाता है कि उन तीनों ने मिलकर युद्ध-उपरांत दुनिया के संचालन का ढांचा तैयार किया था।
क्या उससे शेंजेन बैठक की तुलना उचित है? संभवतः नहीं। इसलिए कि संदर्भ बिल्कुल अलग है। तब दूसरे विश्व युद्ध में साथी रहे उन विजेता देशों के रणनीतिक उद्देश्यों में एक तरह की समानता थी। अतः एक दूसरे की शक्ति एवं हित को मान्यता देते हुए तालमेल बनाने में वे सफल रहे। जबकि आज अमेरिका केंद्रित विश्व व्यवस्था को खत्म करना रूस और चीन का घोषित मकसद है। रूस ने अमेरिकी नेतृत्व वाले नाटो की शक्ति को सीधी चुनौती दी है, जबकि अमेरिका की सारी हालिया नीतियां चीन का उदय रोकने के लिए बनती रही हैं।
इन टकराते हितों के कारण कई आर्थिक एवं भू-राजनीतिक टकराव खड़े हुए हैं। बैठक से पहले चीन और अमेरिका ने जो कहा, उससे भी उनके परस्पर विरोधी उद्देश्य साफ हुए। ट्रंप परमाणु हथियारों को नियंत्रित करने की वार्ता में रूस के साथ चीन को भी लाना चाहते हैं। चीन इसके लिए तैयार नहीं है। उसकी चिंता बस इतनी है कि प्रतिस्पर्धा खुले टकराव में ना बदले। रूस की फ़ौरी चिंताएं यूक्रेन युद्ध तक सीमित हैं। ऐसे में ये तीनों देश अपनी होड़ को नियंत्रित रखने एवं अपने संबंधों के बीच एक संतुलन बना लें, तो यही बैठक की बड़ी सफलता होगी। यानी नज़ारा चाहे जितना बड़ा हो, उससे ठोस कुछ उभरने की गुंजाइश कम ही है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



