अभिनेता अक्षय ओबेरॉय ने निर्देशक प्रकाश झा की चर्चित वेब सीरीज ‘आश्रम’ के चौथे सीजन ‘आश्रम 4’ की शूटिंग पूरी कर ली है। बॉबी देओल अभिनीत इस सीरीज में अक्षय अहम भूमिका निभा रहे हैं। अभिनेता ने शूटिंग पूरी होने पर अपने अनुभव साझा करते हुए प्रकाश झा के निर्देशन की जमकर सराहना की।
अक्षय ने कहा आश्रम 4 की शूटिंग पूरी करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव है। यह शानदार सफर रहा और मैं सेट से कई खूबसूरत यादें लेकर जा रहा हूं। हर दिन एक अभिनेता के तौर पर कुछ नया सीखने और अपनी प्रतिभा को तलाशने का मौका मिला। इतने मजबूत विरासत वाले शो का हिस्सा बनना मेरे लिए संतोषजनक रहा है। इस सफर को यादगार बनाने के लिए मैं पूरी टीम का आभारी हूं।
Also Read : ईस्ट एशिया समिट में पीएम मोदी ने रखा सहयोग का 4-सूत्रीय प्रस्ताव
प्रकाश झा के साथ काम करने के अनुभव पर अक्षय ने कहा प्रकाश झा सर के साथ काम करना इस परियोजना के सबसे खास अनुभवों में से एक रहा। मैं लंबे समय से उनकी फिल्म निर्माण शैली का प्रशंसक रहा हूं। उनके निर्देशन में काम करने का अवसर मिलना मेरे लिए बेहद खास है। किरदारों को देखने और उनसे बेहतरीन अभिनय निकलवाने का उनका अंदाज बेहद अनूठा है। उनके साथ काम करके मैंने बहुत कुछ सीखा है। यह ऐसा अनुभव है, जिसे हमेशा संजोकर रखूंगा।
अक्षय के लिए ‘आश्रम 4’ का हिस्सा बनना इसलिए भी खास है, क्योंकि प्रकाश झा के साथ काम करना लंबे समय से उनकी पेशेवर आकांक्षाओं में शामिल था। अपनी दमदार कहानियों और विशिष्ट निर्देशन शैली के लिए पहचाने जाने वाले प्रकाश झा ने ‘आश्रम’ फ्रेंचाइजी के जरिए एक ऐसी दुनिया रची है, जिसने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।
‘गजब रात’ की सफलता के बाद अक्षय ओबेरॉय लगातार विविध भूमिकाओं और परियोजनाओं के जरिए अपनी अभिनय क्षमता के नए आयाम पेश कर रहे हैं। ‘आश्रम 4’ की शूटिंग पूरी होने के बाद अब दर्शकों को इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में उनके किरदार को देखने का इंतजार रहेगा।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



