बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ के मेकर्स ने फिल्म से अरुण गोविल का नया सोलो पोस्टर जारी किया है, जिसमें वह अयोध्या के राजा और भगवान राम के पिता राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं। अरुण गोविल के इस लुक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। खास बात यह है कि अरुण गोविल को आज भी टेलीविजन पर भगवान राम की प्रतिष्ठित भूमिका निभाने के लिए याद किया जाता है।
अरुण गोविल ने भगवान राम की भूमिका के जरिए कई पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। अब ‘रामायणम्’ में उन्हें उसी महागाथा के एक महत्वपूर्ण किरदार, राजा दशरथ के रूप में देखना अपने आप में खास अनुभव होगा। फिल्म में उनका शामिल होना इसकी कास्टिंग को एक अलग आयाम देता है, क्योंकि राम के किरदार को प्रतिष्ठित बनाने वाले अभिनेता अब उनके पिता की भूमिका निभा रहे हैं।
Also Read : सैयामी खेर ने सिनेमा में पूरे किए 10 साल
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “एक समय उन्होंने एक पूरी पीढ़ी के लिए राम का किरदार जिंदा किया था। अब वह अयोध्या के राजा के रूप में रामायणम् की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। अरुण गोविल बतौर राजा दशरथ।”
पोस्टर में अरुण गोविल शाही अंदाज में राजा दशरथ के रूप में नजर आ रहे हैं। उनके परिधान और लुक में अयोध्या के राजा के व्यक्तित्व, गरिमा और प्रभाव को उभारने की कोशिश की गई है। यह लुक इसलिए भी खास है क्योंकि दर्शकों ने उन्हें लंबे समय तक भगवान राम के रूप में देखा है और अब वह उसी किरदार के पिता की भूमिका में दिखाई देंगे।
‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। दो भागों में बनने वाली यह महागाथा का पहला भाग 05 नवंबर 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में दुनियाभर में रिलीज होगा। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज की जाएगी तथा इसे दुनियाभर में आईमैक्स फॉर्मेट में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
Pic Credit : UNI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



