राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

नाना पाटेकर के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से बॉलीवुड के साथ मराठी सिनेमा और रंगमंच जगत में शोक की लहर दौड़ गयी। नाना पाटेकर के निधन पर फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुपरस्टार रजनीकांत ने नाना पाटेकर को अपना प्रिय मित्र बताते हुए कहा कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि वह अब उनके बीच नहीं हैं। उन्होंने नाना के परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

फिल्मकार सुभाष घई ने नाना पाटेकर को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मराठी और हिंदी सिनेमा के साथ रंगमंच भी उन्हें हमेशा याद रखेगा। उन्होंने नाना पाटेकर को पर्दे का वास्तविक ‘नटसम्राट’ बताते हुए कहा कि वह एक ऐसे महान मित्र थे, जिनके रिश्तों में किसी तरह का स्वार्थ या लेन-देन नहीं था।श्री घई ने उन्हें ईमानदार, दुर्लभ और अनूठे व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि वह अच्छे दार्शनिक और विद्वान भी थे। उन्होंने नाना को याद करते हुए कहा कि वह मां की तरह बेहतरीन खाना बनाने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि नाना से सभी ने प्रेम किया और यह प्रेम हमेशा कायम रहेगा।

अक्षय कुमार ने नाना पाटेकर को बेमिसाल प्रतिभा का धनी कलाकार बताते हुए कहा कि उनकी आवाज, अभिनय और हर किरदार में सच्चाई उन्हें विशिष्ट बनाती थी। उन्होंने ‘वेलकम’ और ‘हाउसफुल 5’ में नाना के साथ काम की यादों को भी साझा किया।

सनी देओल ने नाना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें निडर और जिंदगी से भरपूर इंसान बताया। उन्होंने कहा कि दोनों ने साथ काम नहीं किया, लेकिन वर्षों से उनके बीच विशेष संबंध था।

रितेश देशमुख ने कहा कि नाना पाटेकर के निधन की खबर ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। उन्होंने नाना को बेजोड़ अभिनेता बताते हुए कहा कि वह नायक, खलनायक और हास्य सहित हर भूमिका में अपनी अलग छाप छोड़ते थे। उन्होंने नाना के सामाजिक कार्यों को भी याद किया और उनके साथ मराठी फिल्म करने की अपनी अधूरी इच्छा का उल्लेख किया।

मशहूर कलाकार प्रकाश राज ने नाना के साथ बिताए समय, बातचीत और बहसों को याद किया। उन्होंने नाना के खाना बनाने के हुनर, उनकी समझ और जीवन से जुड़ी सीख को श्रद्धांजलि में याद किया।

अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने कहा कि नाना पाटेकर के निधन का दुख शब्दों से परे है। उन्होंने उन्हें मराठी रंगमंच का महान स्तंभ, दिग्गज कलाकार और शानदार इंसान बताया।

अनुपम खेर ने नाना की बेबाकी और गर्मजोशी को याद करते हुए कहा कि काश वह उन्हें एक बार फिर गले लगा पाते।

सुनील शेट्टी ने कहा कि नाना जैसे ईमानदार और अपने हुनर के उस्ताद कलाकार दोबारा मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि सिनेमा में ‘एक ही नाना’ थे और उनके बिना फिल्म जगत पहले जैसा नहीं रहेगा।

Also Read : दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन

रवीना टंडन ने नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उनके साथ उनका रिश्ता आपसी सम्मान, प्रेम और स्नेह पर आधारित था। उन्होंने याद किया कि नाना पाटेकर ने उनके अभिनय में बारीकियां और गहराई लाने में मदद की थी।

जूनियर एनटीआर ने नाना पाटेकर को भारतीय सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों में शामिल बताते हुए कहा कि उनके हर किरदार में ईमानदारी और गहराई दिखाई देती थी और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।

प्रभुदेवा ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए उनके दमदार अभिनय, प्रतिभा और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया।

पंकज त्रिपाठी ने नाना के निधन को फिल्म जगत और अपने लिए व्यक्तिगत क्षति बताया। ‘काला’ में उनके साथ काम कर चुके पंकज ने कहा कि नाना उनके लिए सिर्फ सह-कलाकार नहीं, बल्कि गुरु जैसे थे, जिनसे उन्होंने अभिनय, जीवन के फैसलों और अभिनय की बारीकियां सीखीं। उन्होंने कहा कि नाना की कमी हमेशा महसूस होगी, लेकिन उनकी सीख और शानदार काम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। पंकज ने कहा कि नाना पाटेकर किसी भी किरदार में पूरी तरह ढलकर भी अपनी अलग छाप छोड़ते थे और उनका निधन ऐसा लगता है जैसे एक युग का अंत हो गया। उनकी विरासत हमेशा कायम रहेगी।

रवि किशन ने नाना को सरल, जमीन से जुड़े और अपनी जड़ों से जुड़े रहने वाला कलाकार बताया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर के अभिनय, सादगी और जीवन को देखने के नजरिये से उन्होंने बहुत कुछ सीखा और उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है।

कंगना रनौत ने नाना के निधन की खबर पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि नाना पाटेकर हाल में बिल्कुल फिट और स्वस्थ नजर आ रहे थे, इसलिए उनके निधन की खबर बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाली है।

शेखर सुमन ने बताया कि नाना पाटेकर ने गणेश उत्सव के बाद उनके शो में आने का वादा किया था। हाल में दोनों की इसको लेकर बातचीत भी हुई थी, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हो सका। उन्होंने नाना पाटेकर को निडर, ईमानदार और अद्भुत इंसान बताते हुए उनके साथ बिताए समय को याद किया।

नाना पाटेकर ने करीब पांच दशक के अपने फिल्मी सफर में ‘परिंदा’, ‘वजूद’, ‘अब तक छप्पन’, ‘अपहरण’, ‘शक्ति : द पावर’, ‘टैक्सी नंबर 9211’, ‘राजनीति’, ‘नटसम्राट’, ‘वेलकम’, ‘वेलकम बैक’ और ‘हाउसफुल 5’ सहित अनेक फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभायीं। अपनी दमदार आवाज, संवाद अदायगी और विविधतापूर्ण अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले नाना पाटेकर ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किये। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसकी अभिनय शैली और व्यक्तित्व की अलग पहचान थी।

Pic Credit : UNI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment