नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल विधानसभा चुनाव के लिए अगले साल फरवरी तक इंतजार करने को तैयार नहीं दिख रहे हैं। वे जल्दी से जल्दी चुनाव चाहते हैं। तभी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी है। केजरीवाल ने कहा है- हिम्मत है तो नवंबर में महाराष्ट्र और झारखंड के साथ दिल्ली में भी विधानसभा चुनाव करके दिखाएं। हम चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। नहीं तो मान लें कि वे हार गए, डर गए।
इसके अलावा केजरीवाल ने मुफ्त बिजली के मसले पर भी प्रधानमंत्री को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री दिल्ली चुनाव से पहले एनडीए शासित 22 राज्यों में मुफ्त बिजली देने की घोषणा करेंगे तो मैं भाजपा के लिए प्रचार करूंगा। केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में ‘जनता की अदालत’ कार्यक्रम में कई और मसलों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा- मैंने कल टीवी पर एक्जिट पोल देखा। हरियाणा और जम्मू कश्मीर में भाजपा की डबल इंजन सरकारें खत्म हो रही हैं। पहला इंजन जून में फेल हुआ था, जब उन्हें 240 सीटें मिलीं। झारखंड और महाराष्ट्र में भी यही होगा। तब दूसरा इंजन भी फेल हो जाएगा।
भाजपा पर हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा- डबल इंजन सरकार का मतलब महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार है। दिल्ली में चुनाव आने वाले हैं। दिल्ली में आकर ये कहेंगे कि डबल इंजन सरकार बना लो। आप तब पूछना कि 10 साल हरियाणा में डबल इंजन सरकार रही। उन्होंने ऐसा क्या किया है कि लोग उनके नेताओं को अपने गांवों में नहीं जाने दे रहे हैं। केजरीवाल ने कहा- यूपी में पिछले सात साल से डबल इंजन की सरकार है। लोकसभा चुनाव में उनकी सीटें आधी हो गईं। मणिपुर में भी सात साल से डबल इंजन की सरकार है। मणिपुर दो साल से जल रहा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI

