नई दिल्ली। दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री अधिक है। हालांकि, दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार हल्की बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ने की घटनाएं हुईं। बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव होने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्र में शाम के समय कई हिस्सों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सप्ताहांत में दिल्ली में भीषण गर्मी से राहत मिलने का अनुमान जताया है, साथ ही शनिवार और रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। निगम ने बताया कि तेज हवाओं के कारण उस समय तक नगर निगम के नियंत्रण कक्ष को पेड़ों के उखड़ने की नौ शिकायतें मिली थीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


