ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर किसानों ने आज की रात धरना करने का फैसला लिया है। गुरुवार को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक के बाद यह फैसला लिया जाएगा कि धरना प्रदर्शन फिर कहां से शुरू करना है। किसानों और पुलिस के आला अधिकारियों के बीच बातचीत की गई। निर्णय लिया गया कि आज का धरना जीरो पॉइंट पर चलेगा। सुबह दोबारा से किसानों की बैठक अधिकारियों के साथ होगी। इसमें तय होगा कि धरना जीरो पॉइंट पर किया जाए या फिर राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर। यमुना प्राधिकरण के ओएसडी, शैलेंद्र सिंह ने कहा कि तीनों प्राधिकरण के अधिकारी और डीएम की एक कमेटी किसानों से बातचीत करेगी। उनकी सभी मांगों पर काम होगा।
हम एक चैनल तैयार कर रहे हैं, जिसके जरिए बातचीत होगी। आपको रोजाना कार्य की प्रगति देखने को मिलेगी। दरअसल, भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर किसानों ने ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर महापंचायत का ऐलान किया था। बुधवार सुबह 10 बजे से किसानों का आना शुरू हो गया था। एक-एक करके सभी 10 संगठनों के किसान प्रतिनिधि महापंचायत स्थल पर पहुंच गए। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में किसान भी जीरो पॉइंट पर पहुंचते रहे। पंचायत शुरू की गई। इस दौरान ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर होने वाली महापंचायत में शामिल होने पहुंच रहे राकेश टिकैत को पुलिस प्रशासन ने अलीगढ़ के टप्पल में रोक लिया। वहीं, विरोध को देखते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी किसानों को छोड़ दिया।
Also Read : बस दस मिनट में तनाव मुक्त हो जाएंगे आप, सरल है उपाय
यहां सबसे पहले भाकियू के धर्मेंद्र प्रधान, इसके बाद सुखवीर खलीफा और अन्य बाकी किसान नेता पहुंचे। इसके बाद पंचायत में फैसला लिया गया कि जहां से धरना खत्म किया गया, वहीं से शुरू होगा। किसान दिल्ली जाकर रहेंगे। किसानों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए एक हाई पावर कमेटी का गठन किया गया। यह कमेटी प्रमुख सचिव अवस्थाना एवं औद्योगिक विकास अनिल कुमार सागर की अध्यक्षता में बनाई गई है। जिसमें उनके अलावा चार सदस्य हैं। विशेष सचिव अवस्थाना एवं औद्योगिक विकास पीयूष वर्मा, नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय खत्री, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्या श्रीवास्तव, यमुना विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कपिल सिंह को भी सदस्य बनाया गया है।
Also Read : महाकुंभ में कुंभ की गाथा सुनाएंगे देश के चर्चित कलाकार
यह कमेटी एक महीने के अंदर किसानों की समस्याओं का समाधान करके रिपोर्ट शासन को सौंपगी। भारतीय किसान यूनियन के युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी गौरव टिकैत ने नोएडा में चल रही किसानों की पंचायत में पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार को भी संबोधित करते हुए कहा है कि भोले-भाले सीधे-साधे किसानों पर अत्याचार करते हुए आपकी सरकार के साथ आपकी भी छवि धूमिल हो रही है। दुखी किसानों के बच्चे, युवा दिशाविहीन हो रहे हैं। दिल्ली तो नजदीक है, क्या हमें लखनऊ की भी यात्रा करनी पड़ेगी। निर्दोष किसानों को धरने से अवैध तरीके से उठाकर जेल में ठूंस दिया गया। इतनी तानाशाही ठीक नहीं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: Google


