Friday

23-05-2025 Vol 19

हरियाणा में कांग्रेस-आप साथ लड़ेंगे

552 Views

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच तालमेल हो सकता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गठबंधन का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए राहुल ने चार नेताओं की एक कमेटी बनाई है, जो गठबंधन के फायदे और नुकसान का आकलन करेगी और इस बारे में बात करेगी। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने भी राहुल के इस कदम का स्वागत किया और कहा कि उसका भी मकसद भाजपा को हराना है। हालांकि साथ ही आप ने यह भी कह दिया है कि गठबंधन के बारे में फैसला अरविंद केजरीवाल करेंगे, जो इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं।

बहरहाल, मंगलवार को हरियाणा में टिकटों के बंटवारे पर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति यानी सीईसी की बैठक थी। बताया जा रहा है कि इस मीटिंग में राहुल गांधी ने हरियाणा के नेताओं से गठबंधन के बारे में पूछा। इसके बाद पार्टी ने गठबंधन की बात करने के लिए कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में दीपक बाबरिया, अजय माकन और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कमेटी बनाई है। गौरतलब है कि हरियाणा अरविंद केजरीवाल का गृह प्रदेश है और कुछ समय पहले उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने हरियाणा में आम आदमी पार्टी का चुनाव अभियान लॉन्च किया था। वे लगातार हरियाणा में सक्रिय भी हैं।

इससे पहले हरियाणा में दोनों पार्टियों ने लोकसभा चुनाव में गठबंधन किया था। राज्य की कुल 10 सीटों में से कांग्रेस नौ और आम आदमी पार्टी एक कुरुक्षेत्र सीट पर चुनाव लड़ी थी। कांग्रेस नौ में से 5 सीटों पर जीती, लेकिन आम आदमी पार्टी हार गई थी। बहरहाल, कांग्रेस के जानकार सूत्रों के मुताबिक, सीईसी की बैठक में राहुल गांधी ने नेताओं से पूछा कि क्या कांग्रेस को हरियाणा में आम आदमी पार्टी से गठबंधन करना चाहिए? उन्होंने यह भी पूछा कि गठबंधन संभव है या नहीं और अगर हुआ तो इसके फायदे या नुकसान क्या होंगे। उन्होंने इस बारे में रिपोर्ट मांगी है।

बताया जा रहा है कि गठबंधन हुआ तो सीट बंटवारे को लेकर लोकसभा चुनाव का फॉर्मूला ही अपनाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है कि एक लोकसभा सीट का मतलब नौ विधानसभा सीटें होती हैं। हालांकि इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने अनौपचारिक बातचीत में मीडिया के लोगों से कहा है कि अगर गठबंधन होता है तो आप को तीन या चार सीटें दे सकते हैं, मगर उसने इससे ज्यादा सीटें मांगीं तो गठबंधन मुश्किल है। हालांकि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि गठबंधन हो सकता है। इसके लिए आप और विपक्षी गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ बातचीत चल रही है। कहा जा रहा है कि समाजवादी पार्टी से भी बातचीत हो सकती है।

कांग्रेस की ओर से गठबंधन में दिलचस्पी दिखाने की खबर के बाद आप नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा- मैं राहुल गांधी के बयान का स्वागत करता हूं। भाजपा को हराना हमारी प्राथमिकता है। उनकी नफरत की राजनीति, उनकी जनविरोधी, किसान विरोधी, भाजपा की युवा विरोधी नीति और महंगाई के खिलाफ हमारा मोर्चा है। संजय सिंह ने कहा- उन्हें हराना हमारी प्राथमिकता है, लेकिन आधिकारिक तौर पर हमारे हरियाणा प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष आगे की बातचीत के आधार पर अरविंद केजरीवाल को इस बारे में बताएंगे और फिर इस पर आगे कुछ बात की जाएगी।

NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *