श्रीनगर। भारतीय जनता पार्टी में आजकल कुछ ऐसा हो रहा है, जो पिछले कई बरसों से देखने को नहीं मिला था। सोमवार को एक दिन में जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तीन सूची जारी हुई। पहली सूची 44 नामों की थी। पहली सूची जारी होने के बाद ऐसा हंगामा मचा कि पार्टी ने तुरंत सूची वापस ले ली। इसके बाद दूसरी सूची जारी हुई, जिसमें 15 नाम थे। लेकिन तब भी हंगामा जारी रहा। पार्टी ने दोपहर तीन बजे के करीब तीसरी सूची जारी की, जिसमें सिर्फ एक नाम शामिल किया गया।
जम्मू कश्मीर में 10 साल बाद हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सोमवार की सुबह 10 बजे पहली सूची जारी की, जिसमें तीन चरणों के 44 उम्मीदवारों के नाम थे, लेकिन इसे थोड़ी ही देर में वापस ले लिया गया। पहली सूची के आते ही जम्मू में भाजपा दफ्तर में कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने बाहर से आए नेताओं को टिकट दिए जाने का विरोध किया। इसके बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कार्यकर्ताओं को समझाया और बताया कि उनकी शिकायत पार्टी आलाकमान तक पहुंचा दी गई है।
इसके बाद दोपहर 12 बजे के करीब एक नई सूची आई, जिसमें पहले चरण की सीटों के लिए 15 उम्मीदवारों के नाम थे। तब प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा- अभी फोकस 18 सितंबर को होने वाली पहले चरण की वोटिंग पर है। मैं हर कार्यकर्ता से पर्सनली बात करूंगा। इसके बाद तीन बजे के करीब एक और लिस्ट आई। इसमें सिर्फ एक नाम कोंकरनाग से चौधरी रोशन हुसैन का था। उम्मीदवारों के नाम में गड़बड़ी और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर भाजपा के एक नेता ने पहले कहा था कि पहली सूची में टाइपिंग की गलतियां थीं। हालांकि बाद में रैना ने साफ कर दिया कि अभी पहले चरण के उम्मीदवारों के नाम ही घोषित किए गए हैं।
इस बीच भाजपा ने जम्मू कश्मीर में चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में शिवराज चौहान, योगी आदित्यनाथ और स्मृति ईरानी का भी नाम है। इसके साथ ही पार्टी ने राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह और शाजिया इल्मी को मीडिया कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। पंजाब के मीडिया कोऑर्डिनेटर विनीत जोशी भी जम्मू कश्मीर की टीम का हिस्सा होंगे।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



