रांची। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने ऐलान किया कि झारखंड में ‘रोटी, बेटी, माटी’ बचाने के संकल्प पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा भाजपा के घोषणापत्र में सरकार बनने पर अनेक वस्तुएं और सेवाएं मुफ्त में देने की घोषणा भी की गई है। घोषणापत्र जारी करने के मौके पर राज्य के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सह प्रभारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और झारखंड के भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी मौजूद थे।
इस दौरान अमित शाह ने कहा कि मतदाताओं को घुसपैठियों को संरक्षण देने वाली झामुमो सरकार और किसी को भी अवैध रूप से सीमा पार नहीं करने देने वाली भाजपा के बीच चयन करना होगा। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा झारखंड की ‘माटी, बेटी, रोटी’ की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, जो वर्तमान शासन में गंभीर खतरे में हैं। इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने बताया कि झारखंड में जब भी भाजपा की सरकार रही, तब विकास कार्य हुआ है। हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि घोषणापत्र में डेढ़ सौ संकल्प होंगे।
भाजपा के घोषणापत्र में गोगो दीदी योजना का जिक्र है, जिसके तहत कहा गया है कि सरकार हर महीने की 11 तारीख को महिलाओं के खाते में 21 सौ रुपए डालेगी। इसी तरह पांच सौ रुपए में सिलेंडर और हर साल दो सिलेंडर मुफ्त देने का वादा भी किया गया है। पांच साल के भीतर पांच लाख स्वरोजगार के अवसर पैदा करेगी और दो लाख 87 हजार से ज्यादा खाली पदों को पारदर्शी तरीके से भरेगी। सरकार युवाओं को भी हर महीने दो हजार रुपए देगी।
घोषणापत्र जारी करने के बाद अमित शाह ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा- झारखंड में यह चुनाव न केवल सरकार बदलने का चुनाव है, बल्कि झारखंड का भविष्य सुरक्षित करने का चुनाव है। झारखंड की महान जनता को तय करना है कि आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई सरकार चाहिए या विकास के रास्ते पर चलती हुई मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार चाहिए। उन्होंने लोगों से पूछा- घुसपैठ कराकर झारखंड की अस्मिता, माटी और महिलाओं को खतरे में डालने वाली सरकार चाहिए या परिंदा भी पर न मार सके ऐसी सरहद की सुरक्षा करने वाली भाजपा सरकार चाहिए?
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


