रांची/जमशेदपुर। झारखंड में विधानसभा चुनाव की घोषणा अगले महीने होगी लेकिन उससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रचार का आगाज कर दिया। उन्होंने जमशेदपुर में पार्टी की ओर से आयोजित परिवर्तन रैली को संबोधित किया और राज्य में सरकार चला रहे गठबंधन की तीनों पार्टियों जेएमएम, कांग्रेस और राजद पर बड़ा हमला किया। प्रधानमंत्री ने इन तीनों पार्टियों को झारखंड का सबसे बड़ा दुश्मन बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- झारखंड के तीन दुश्मन हैं, जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी। राजद तो अलग झारखंड बनने के बाद से ही बदला ले रही है। वहीं कांग्रेस को झारखंड से नफरत है। इतने साल सत्ता में रहने के बाद भी कांग्रेस ने झारखंड के विकास के लिए कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री ने आगे कहा- अगर आप प्रदेश का विकास चाहते हैं तो बीजेपी को मौका दीजिए। हालांकि अलग झारखंड राज्य बनने के बाद ज्यादा समय भाजपा का ही राज रहा है। प्रधानमंत्री ने जेएमएम को झारखंड का दुश्मन बताया लेकिन भाजपा दो बार जेएमएम के साथ सरकार बना चुकी है।
बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने घुसपैठ को लेकर भी जेएमएम पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा वाले बांग्लादेशी घुसपैठियों के साथ खड़ी है। तुष्टिकरण की राजनीति में ये लोग सबसे पहले ये लोग दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज के हितों की बलि चढ़ाते हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने रांची हवाईअड्डे से छह वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने सात बड़ी रेल योजना की ऑनलाइन शुरुआत भी की। साथ ही दो करोड़ पक्के मकान भी लोगों को दिए गए।
पहले ये सभी कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी टाटानगर रेलवे स्टेशन से करने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इस वजह से उन्होंने सारे काम रांची हवाईअड्डे से किए और उसके बाद वे सड़क के रास्ते जमशेदपुर पहुंचे। भारी बारिश के कारण जमशेदपुर के बिष्टुपुर मेन रोड से गोपाल मैदान तक होने वाला उनका रोड शो भी रद्द कर दिया गया।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.
Image Source: ANI


