राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

महाराष्ट्र में विपक्षी तालमेल में खटपट

Uddhav Thackeray

मुंबई। महाराष्ट्र में कांग्रेस, उद्धव ठाकरे और शरद पवार के गठबंधन में एक बार फिर खटपट की खबर है। बुधवार को उद्धव ठाकरे ने अपनी पार्टी के 17 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया। इसके बाद से गठबंधन में विवाद शुरू हो गया है। शरद पवार ने कहा है कि उद्धव गुट ने गठबंधन धर्म का निर्वाह नहीं किया है। कांग्रेस ने भी उद्धव की इस एकतरफा घोषणा पर आपत्ति जताई है। उद्धव ने जिन 17 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है उनमें से तीन पर कांग्रेस के नेता इंतजार कर रहे हैं।

बहरहाल, उद्धव की घोषणा के बाद शरद पवार नाराज बताए जा रहे हैं। खबरों के मुताबिक उन्होंने कहा है- हमारे सहयोगी गठबंधन धर्म नहीं निभा रहे हैं। उधर, टिकट के ऐलान के बाद कांग्रेस की मुंबई की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड और पार्टी के नेता संजय निरूपम ने भी नाराजगी जताई हैं संजय निरूपम मुंबई नॉर्थ-वेस्ट से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उन्हें खुद राहुल गांधी ने टिकट का भरोसा दिया था।

इससे पहले उद्धव ठाकरे गुट ने मुंबई नॉर्थ-वेस्ट सीट पर अमोल कीर्तिकर को टिकट दिया है। टिकट की घोषणा होने के आधे घंटे के अंदर खिचड़ी घोटाले में ईडी ने उनको समन भेज दिया। इसके अलावा मुंबई साउथ-सेंट्रल और सांगली सीट पर भी कांग्रेस के नेता टिकट मिलने की उम्मीद कर रहे थे। उद्धव की घोषणा के अलावा गठबंधन को इस बात से भी झटका लगा कि वंचित बहुजन अघाड़ी के नेता प्रकाश अंबेडकर ने भी एमवीए से अलग होकर लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान किया।

प्रकाश अंबेडकर ने बुधवार को आठ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। इसी तरह स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के अध्यक्ष और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने भी गठबंधन करने से इनकार कर दिया है। महाविकास अघाडी ने हातकणंगले सीट राजू शेट्टी को देना का प्रस्ताव दिया था। बहरहाल, उद्धव की घोषणा का विरोध करते हुए मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने सोशल मीडिया पर लिखा- सांगली और मुंबई की जिस लोकसभा सीट को लेकर गठबंधन में कुछ भी तय नहीं हुआ था। शिवसेना उद्धव गुट को वहां एकतरफा उम्मीदवार घोषित नही करना चाहिए था। हमने अपनी नाराजगी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को जता दी है। उनके आदेश के बाद अगला कदम उठाया जाएगा।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

और पढ़ें