अहमदाबाद/मुंबई। गुजरात और महाराष्ट्र में लगातार बारिश से कई हिस्सों में हालात बिगड़े हैं। गुरुवार को कई हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। गुजरात में बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों की मौत हुई, जबकि महाराष्ट्र के पुणे में चार लोगों की मौत हो गई। मुंबई में भी भारी बारिश की वजह से जगह जगह जल जमाव हुआ। बारिश की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
गुजरात में पिछले चार दिन से तेज बारिश का दौर जारी है। इससे वडोदरा, सूरत, भरूच और आणंद समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। वडोदरा में ही 24 घंटे में साढ़े 13 इंच बारिश हुई है। राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में कुल आठ लोगों की मौत हुई है। उधर, महाराष्ट्र के पुणे में 24 घंटे में 453 मिलीमीटर बारिश हो गई। वहां बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों को मौत हो गई। पुणे में मुथा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। खड़कवासला बांध के ऊपर से पानी बहने के कारण कई इलाके बाढ़ की चपेट में है। लोगों की मदद के लिए सेना और एनडीआरएफ की तैनाती की गई है।
मौसम विभाग ने पुणे में अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी है। निचले इलाकों से अनेक लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट करना पड़ा है। कई जगहों पर स्कूलों, कॉलेजों की भी छुट्टी कर दी गई है। ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं। पुणे, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। मुंबई आने और मुंबई से जाने वाली एयर इंडिया की कुछ उड़ानें भी रद्द हुई हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


