बलिया। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने बलिया नगर पालिका परिषद (Ballia Municipal Council) के चुनाव (Election) में अध्यक्ष पद के पार्टी के उम्मीदवार लक्ष्मण गुप्ता के विरुद्ध निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले पूर्व अध्यक्ष संजय उपाध्याय (Sanjay Upadhyay) को छह साल और तीन अन्य नेताओं को एक-एक वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
सपा के जिलाध्यक्ष राज मंगल यादव ने शनिवार को बताया कि पार्टी ने बलिया नगर पालिका परिषद के चुनाव में लक्ष्मण गुप्ता को अध्यक्ष पद के लिए अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। गुप्ता के खिलाफ पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष संजय उपाध्याय बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं। यादव ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के निर्देश पर संजय उपाध्याय को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
संजय उपाध्याय बलिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रह चुके हैं तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से 2012 के विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से प्रत्याशी भी रहे लेकिन 2017 में वह सपा में शामिल हो गये थे।
यादव ने बताया कि नगर पालिका परिषद के चुनाव में दल विरोधी गतिविधियों को लेकर पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष जमाल आलम, निवर्तमान जिला सचिव आदर्श मिश्रा झब्बू और बलिया नगर के निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव को एक-एक वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। (भाषा)
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


