राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

अखिलेश के बयान से बढ़ा पश्चिम का सियासी तापमान

अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की हालिया टिप्पणी के बाद राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और सपा के बीच सियासी तल्खियां बढ़ती दिखाई दे रही हैं। इसी बीच रालोद ने तीन सितंबर को सहारनपुर में आयोजित होने वाली स्वाभिमान रैली को शक्ति प्रदर्शन के रूप में लेने के संकेत दिए हैं, जिसमें केंद्रीय मंत्री एवं रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के शामिल होने की घोषणा की गई है।

रालोद के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिजनौर से सांसद चंदन चौहान ने शनिवार को यहां बताया कि रामपुर मनिहारान स्थित कोचर कृषि इंटर कॉलेज मैदान में अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा के तत्वावधान में आयोजित समारोह में जयंत चौधरी का भव्य अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुट गए हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने एक बयान में बिना नाम लिए पूर्व सहयोगियों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि जिन्हें आगे बढ़ाया गया, वे भी साथ छोड़कर चले गए। उनकी इस टिप्पणी को राजनीतिक हलकों में जयंत चौधरी की ओर इशारा माना गया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा और रालोद ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में रालोद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा बन गया और जयंत चौधरी केंद्र सरकार में मंत्री बने।

रालोद नेता चंदन चौहान ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि राजनीति में परिस्थितियां और गठबंधन बदलते रहते हैं, लेकिन समाज ही राजनीतिक दलों का निर्माण करता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में वरिष्ठ नेताओं को अपने शब्दों के चयन में संयम बरतना चाहिए और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद किसी को आहत करने वाली भाषा से बचना चाहिए।

Also Read : हम होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी इलाका मानते हैं : ट्रंप

उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का गन्ना क्षेत्र चौधरी चरण सिंह, चौधरी अजीत सिंह और अब जयंत चौधरी की राजनीतिक विरासत का क्षेत्र रहा है। रालोद कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ स्वाभिमान रैली को सफल बनाने में लगे हुए हैं।

गन्ना किसानों के मुद्दे पर चंदन चौहान ने कहा कि पिछले पेराई सत्र में जयंत चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग की थी, जिसके बाद गन्ने का समर्थन मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि चीनी के बढ़ते दामों को देखते हुए भविष्य में गन्ना मूल्य में वृद्धि की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने यह भी कहा कि कौशल विकास एवं उद्यमिता तथा शिक्षा मंत्रालय का दायित्व संभाल रहे जयंत चौधरी अपने सहारनपुर दौरे के दौरान क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए रनिंग ट्रैक, इंडोर स्टेडियम और ऑडिटोरियम जैसी सुविधाओं से संबंधित घोषणाएं कर सकते हैं। इस संबंध में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कोचर इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमित चौधरी, अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह, संरक्षक चौधरी भूपेंद्र सिंह, रालोद के विभिन्न जनपदों के पदाधिकारी तथा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pic Credit : ANI

By Naya India

Naya India, A Hindi newspaper in India, was first printed on 16th May 2010. The beginning was independent – and produly continues to be- with no allegiance to any political party or corporate house. Started by Hari Shankar Vyas, a pioneering Journalist with more that 30 years experience, NAYA INDIA abides to the core principle of free and nonpartisan Journalism.

Leave a comment