nayaindia dilip ghosh controversy mamata banerjee ममता बनर्जी पर दिलीप घोष का विवादित बयान

ममता बनर्जी पर दिलीप घोष का विवादित बयान

Mamta Banerjee
Mamta Banerjee

कोलकाता। पश्चिम बंगाल से भाजपा के सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाया है। उनके बयान के बाद राज्य में विवाद बढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिलीप घोष का एक वीडियो शेयर किया। इसमें घोष ने ममता के पिता को लेकर बयान दिया है।

वीडियो में दिलीप घोष ने कहते सुनाई दे रहे हैं- ममता जब गोवा जाती हैं तो खुद को गोवा की बेटी कहती हैं। त्रिपुरा में खुद को वहां की बेटी बताती हैं। वे तय करें कि उनके पिता कौन हैं। किसी की भी बेटी बन जाना अच्छा नहीं है।

बताया जा रहा है कि वीडियो में दिलीप घोष बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में तृणमूल कांग्रेस के नारे ‘बांग्ला निजेर मेये के चाय’ यानी बंगाल अपनी बेटी चाहता है का मजाक उड़ा रहे थे। हालांकि, ये वीडियो कब और कहां का है, ये स्पष्ट नहीं है।

इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने ममता पर आपत्तिजनक टिप्पणी और आदर्श आचार संहिता उल्लंघन करने के आरोप में घोष के खिलाफ राज्य चुनाव आयोग से शिकायत की है। साथ ही कहा है कि घोष को माफी मांगनी चाहिए।

तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- मां दुर्गा के पूर्वजों से लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के वंश पर सवाल उठाने वाले दिलीप घोष का नैतिक दिवालियापन हो चुका है। हिंदू धर्म की देवी हों या भारत की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री, घोष के मन में महिलाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है।

गौरतलब है कि अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर रहे दिलीप घोष ने 2021 में मां दुर्गा पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था- भगवान राम एक राजा थे। कुछ लोग उन्हें अवतार मानते हैं। हम उनके पूर्वजों के नाम जानते हैं। क्या हम दुर्गा के पूर्वजों के बारे में जानते हैं? घोष के बयान को लेकर काफी विवाद हुआ था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें