nayaindia BJP Attack congress कांग्रेस की मान्यता रद्द हो: भाजपा

कांग्रेस की मान्यता रद्द हो: भाजपा

बेंगलुरु/नई दिल्ली। भाजपा ने चुनाव आयोग से कहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान कर्नाटक के लिए सोनिया गांधी द्वारा‘संप्रभुता’ शब्द के इस्तेमाल पर कांग्रेस की पार्टी की मान्यता रद्द करने की मांग की है। भाजपा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश जारी करने का भी अनुरोध किया है।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने आयोग को एक ज्ञापन भी सौंपा। पार्टी ने कहा, ‘कर्नाटक भारत संघ में एक बहुत ही महत्वपूर्ण सदस्य राज्य है और भारत संघ के सदस्य राज्य की संप्रभुता की रक्षा करने का कोई भी आह्वान अलगाव के आह्वान के समान है और यह खतरनाक और घातक परिणामों से भरा हुआ है।’ संवाददाताओं से बातचीत में पार्टी नेता तरुण चुघ ने जनप्रतिनिधित्व कानून का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की मान्यता रद्द कर दी जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता अनिल बलूनी और ओम पाठक भी शामिल थे।

कांग्रेस ने शनिवार को हुबली में एक चुनावी रैली में सोनिया गांधी के भाषण का जिक्र करते हुए एक ट्वीट में कहा था कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष ने ‘6.5 करोड़ कन्नड़ लोगों को एक कड़ा संदेश दिया’। पार्टी ने उनकी तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह जनसभा को संबोधित करते दिख रही हैं। कांग्रेस ने ट्वीट किया था, कांग्रेस किसी को भी कर्नाटक की प्रतिष्ठा, संप्रभुता या अखंडता के लिए खतरा पैदा नहीं करने देगी।’

भाजपा की कर्नाटक इकाई ने भी बेंगलुरु में आयोग के समक्ष इस मामले में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया है, कांग्रेस जो कह रही है उसका अर्थ यह है कि कांग्रेस का मानना है कि कर्नाटक भारत से अलग है। यह कथन प्रकृति में विभाजनकारी है। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभाजित करना और विभिन्न राज्यों के दो लोगों के बीच दरार पैदा करना है। शिकायत दर्ज कराने वाली केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने इस बयान को ‘चौंकाने वाला और अस्वीकार्य’ बताते हुए कहा। उन्होंने कहा, यह कर्नाटक के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है, जिन्होंने भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गांधी के इस बयान से भाषा और राज्य के आधार पर विभाजन होगा।

चुनाव आयोग ने दिया नोटिस

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है। सोनिया गांधी के संप्रभुता वाले बयान पर खड़गे को नोटिस जारी किया गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस के ट्विटर हैंडल पर सोनिया गांधी के संप्रभुता वाले बयान पर पोस्ट किया था। इसके बाद अब चुनाव आयोग ने मल्लिकार्जुन खड़गे से स्पष्टीकरण मांगा या रेक्टिफाई करने को कहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें