इंफाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अपील के बाद मणिपुर में उपद्रवियों ने हथियार सरेंडर करने शुरू कर दिए हैं। उनके वहां से लौटने के अगले दिन यानी शुक्रवार को 144 हथियार सरेंडर किए गए। इनमें 29 एसएलआर, कार्बाइन, एके राइफल्स, इंसास राइफल, इंसास एलएमजी, एम16 राइफल जैसे आधुनिक हथियार और ग्रेनेड भी शामिल हैं। मणिपुर सरकार के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने इसके बारे में जानकारी दी।
कुलदीप सिंह ने बताया कि इंफाल ईस्ट में 102 हथियार और गोला-बारूद मिले हैं। टेंग्नौपाल जिले में 35 हथियार सरेंडर किए गए हैं, जिसमें से 18 सिर्फ मोरे में हुए हैं। इंफाल वेस्ट से दो और थौबल में पांच हथियार सरेंडर किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक ज्यादातर जिलों में स्थिति सामान्य है और इसके बाद पांच जिलों में कर्फ्यू हटा दी गई है। गौरतलब है कि राज्य में तीन मई को हिंसा भड़की थी, जिसमें 80 लोग मारे गए हैं। इस हिंसा में सुरक्षा बलों के करीब दो हजार हथियार लूटे गए थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 मई को चार दिन के दौरे पर मणिपुर पहुंचे थे। गुरुवार को शाह ने मणिपुर में लोगों से कहा था कि अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि हथियार रखने वालों को पुलिस के सामने सरेंडर करना होगा। शाह ने कहा कि दो जून से सर्च ऑपरेशन शुरू होगा। अगर किसी के पास हथियार मिले तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके 24 घंटे बाद ही इतनी बड़ी संख्या में उपद्रवियों ने सरेंडर किया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



