nayaindia Congress Rahul Gandhi BJP Bharat Jodo Yatra भाजपा देश में नफरत फैला रहीः राहुल गांधी
इंडिया ख़बर

भाजपा देश में नफरत फैला रहीः राहुल गांधी

ByNI Desk,
Share

शिमला। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (‘Bharat Jodo Yatra’) के बुधवार को सुबह हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में प्रवेश करने के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने भाजपा (BJP) और आरएसएस पर निशाना साधा और उन पर देश में नफरत, हिंसा (violence) तथा भय फैलाने का आरोप लगाया।

यात्रा के घटोटा गांव के पास राज्य में प्रवेश करने पर कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग (Amarinder Singh Raja Wading) ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) और प्रदेश अध्यक्ष प्रमुख प्रतिभा सिंह (Pramukh Pratibha Singh) को झंडा सौंपा। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में यात्रा का स्वागत करने और उसमें शामिल होने के लिए पहुंचे लोगों को गांधी ने संबोधित किया।

गांधी ने कहा, ‘केंद्र सरकार की सभी नीतियों, नोटबंदी, जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) और कृषि विरोधी कानून का मकसद तीन-चार अरबपतियों को लाभ पहुंचाना है।’ उन्होंने कहा, ‘किसानों, नौजवानों और मजदूरों का कल्याण उनके एजेंडा में शामिल नहीं है।’

कड़ाके की ठंड के बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, राज्य के मंत्रियों और पार्टी विधायकों के साथ सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इन्दौरा के पास मनसेर टोल प्लाजा पर यात्रा का स्वागत किया।

धुंध भरी सुबह में राज्य के मंत्रियों के साथ गांधी तेज गति से चलते नजर आए और इस दौरान पार्टी के उत्साही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चुनिंदा लोगों को ही सुरक्षा घेरे के भीतर आने की अनुमति दी गई है। हालांकि यात्रा के दौरान गांधी पार्टी नेताओं के अलावा लोगों, खासकर युवकों के साथ बातचीत करते नजर आए।

गांधी ने दावा किया, भाजपा ने बेरोजगारी और महंगाई जैसे दो महत्वपूर्ण मुद्दे दरकिनार कर दिए हैं। हमने चार महीने पहले कन्याकुमारी से यह यात्रा शुरू की थी, ताकि लोगों को एकजुट किया जाए, उन्हें साथ लाया जाए और ये मुद्दे उठाए जाएं क्योंकि हमें इन पर संसद में बोलने की अनुमति नहीं है। हम न्यायपालिका और मीडिया के माध्यम से मुद्दों को नहीं उठा सके क्योंकि वे भाजपा के दबाव में हैं।’

गांधी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का मकसद देश को सांप्रदायिक और विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ एकजुट करना और भाजपा तथा आरएसएस के नापाक मंसूबों का करारा जवाब देना है। उन्होंने कहा, मेरा मकसद लोगों और देश को भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट करना है।’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘पहले, हिमाचल प्रदेश से गुजरना हमारी यात्रा के कार्यक्रम में नहीं था, लेकिन राज्य आने के लिए उसे इसमें शामिल किया गया। एक दिन का समय ही मिल पाया है और मुझे लगता हे कि ज्यादा समय होना चाहिए था लेकिन यात्रा को 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कश्मीर में सम्पन्न करना है।’ उन्होंने कहा, यात्रा के दौरान बहुत कुछ सीखने को मिला, हमने यह जानने की कोशिश की कि लोगों के दिल में क्या है और उनसे जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया। गांधी ने काठगढ़ में ऐतिहासिक शिव मंदिर जा कर भगवान के दर्शन भी किए। (भाषा)

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें