नई दिल्ली। भारत में बढ़ती आर्थिक असमानता और संपत्ति के केंद्रीकरण का एक और बड़ा सबूत सामने आया है। पिछले 13 साल से हर साल देश के सबसे अमीर लोगों की सूची बनाने वाली कंपनी हुरुन इंडिया ने बताया है कि भारत की आधी जीडीपी के बराबर संपत्ति देश के सिर्फ 1,687 लोगों के पास है। हुरुन इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इन 1,687 लोगों के कुल संपत्ति 167 लाख करोड़ रुपए है। इन लोगों में सबसे अमीर रिलायंस समूह के मुकेश अंबानी हैं, जिनकी संपत्ति 9.55 लाख करोड़ रुपए है।
हुरुन इंडिया की भारत के सबसे अमीर हस्तियों की सूची में गौतम अडानी और उनका परिवार 8.15 लाख करोड़ रुपए की कुल संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर हैं। बुधवार, एक अक्टूबर को हुरुन इंडिया ने सबसे अमीर लोगों की 2025 की सूची जारी की। इस बार सूची में 1,687 लोगों को शामिल किया गया। इन सभी अमीरों की कुल संपत्ति 167 लाख करोड़ रुपए है, जो भारत की जीडीपी का लगभग आधा है। इसके अलावा भी इस सूची में कई और चीजों को शामिल किया गया है।
इस सूची में बताया गया है कि देश में अरबपतियों की कुल संख्या अब साढ़े तीन के पार हो गई है, जो 13 साल पहले यह सूची शुरू होने के बाद से छह गुना बढ़ोतरी है। यानी पिछले 13 साल में भारत में अरबपतियों की संख्या छह गुना बढ़ी है। पिछले 11 साल से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है। बहरहाल, इस बार हुरुन इंडिया की सूची में जिन 1,687 व्यक्तियों को शामिल किया गया, उनमें से सबकी संपत्ति एक हजार करोड़ रुपए से अधिक है। इस सूची में मुंबई से सबसे अधिक 451 लोग शामिल हैं। इसके बाद दिल्ली से 223 और बेंगलुरु से 116 लोग शामिल है। सूची में 101 महिलाएं भी हैं।
हुरुन इंडिया की 2025 की अमीरों की सूची में सबसे कम उम्र के 22 साल के कैवल्य वोहरा हैं, जो जेप्टो का को फाउंडर हैं। वे अपने पार्टनर 23 साल के आदित पालिचा के साथ 5.9 अरब डॉलर की क्विक कॉमर्स स्टार्टअप चलाते हैं, जो लिस्ट में दूसरे सबसे कम उम्र के व्यक्ति हैं। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान 12,490 करोड़ रुपए के साथ पहली बार अरबपतियों की सूची में शामिल हुए हैं। यह दिलचस्प है कि पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा फिर से अरबपति बन गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 15,930 करोड़ रुपए बताई गई है। परप्लेक्सिटी एआई के संस्थापक अरविंद श्रीनिवास 21,190 करोड़ की कुल संपत्ति के साथ सबसे कम उम्र के अरबपति है। उनकी उम्र 31 साल है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


