नई दिल्ली। भारत सरकार ने पाकिस्तान की ओर से लगातार किए जा रहे ड्रोन और मिसाइल हमले की वजह से सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में हवाईअड्डों पर नागरिक विमानों का परिचालन 15 मई तक स्थगित कर दिया है। नागरिक विमानन मंत्रालय ने इसके लिए एडवाइजरी जारी की है। जम्मू कश्मीर, पंजाब, गुजरात और राजस्थान कई शहरों में नागरिक विमानों का परिचालन रोक दिया गया है।
हमले के बीच 15 मई तक उड़ानें बंद
हवाईअड्डों पर नागरिक विमानों का परिचालन रोकने के साथ साथ कई विमनान कंपनियों ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, जिसमें यात्रियों से सुरक्षा चेक को देखते हुए अतिरिक्त समय देने और बढ़ी हुई सुरक्षा जांच में सहयोग करने का आग्रह किया गया है। यात्रियों से तीन घंटे पहले हवाईअड्डे पर पहुंचने का आग्रह किया गया है।
सभी हवाईअड्डों पर यात्रियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। टर्मिनल भवनों में आगंतुकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और एयर मार्शल भी तैनात किए जा रहे हैं।
एयर इंडिया ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘भारत में कई हवाईअड्डों के लगातार बंद रहने के बारे में विमानन अधिकारियों की अधिसूचना के बाद, जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, चंडीगढ़, भुज, जामनगर और राजकोट जैसे स्टेशनों से आने जाने वाली एयर इंडिया की उड़ानें 15 मई तक रद्द की जा रही हैं’।
Also Read: पाकिस्तान में सेना कटघरे में!
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


