नई दिल्ली। दिवाली के तीन दिन बाद भी दिल्ली की हवा बेहद खराब श्रेणी में है। बुधवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 322 दर्ज किया गया। इस बीच सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरमेंट यानी सीएसई की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली की हवा खराब होने में सबसे ज्यादा हिस्सा गाड़ियों से निकलने वाले धुएं का है। बाहर से आने वाली गाड़ियों के साथ साथ दिल्ली की अपनी गाड़ियों के कारण भी दिल्ली में एक्यूआई बिगड़ रहा है। वायु प्रदूषण में गाड़ियों के धुएं का हिस्सा 50 फीसदी से ज्यादा है।
बहरहाल, दिल्ली के साथ साथ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर में भी औसत एक्यूआई खराब या बेहद खराब श्रेणी में है। इस बीच ठंड भी बढ़ रही है क्योंकि जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में ताजा बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग गोंडोला के फेज एक के आसपास के पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं। इसका असर उत्तर भारत के कई राज्यों में दिख रहा है। राजस्थान में मंगलवार की रात को तापमान गिर कर पांच डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि दिन का तापमान अब भी 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। मध्य प्रदेश के कई शहरों में तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



