नई दिल्ली। राहुल गांधी के ‘जेन जी’ वाली पोस्ट पर भाजपा ने तीखा हमला किया है। भाजपा के अनेक बड़े नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने राहुल पर हमला किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने राहुल को अर्बन नक्सल बताते हुए आरोप लगाया है कि वे युवाओं को उकसा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राहुल पर हमला किया है तो भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद, निशिकांत दुबे आदि ने भी राहुल को निशाना बनाया है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कहा, “राहुल गांधी फ्रस्ट्रेशन में हैं, हताशा में हैं। वे कभी नरेंद्र मोदी की नकल करेंगे, कभी जेन जी की बात करेंगे। वे अर्बन नक्सल बनना चाहते हैं। भारत में अर्बन नक्सल के रूप में रिएक्ट करते हैं”। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा, “राहुल की देश के संविधान के प्रति कोई आस्था नहीं है। देश के संविधान में तैयारी की हुई सारी व्यवस्थाओं को ये नकारते हैं। अब तो उन्होंने अपने शहरी माओवादी होने का सबूत भी दे दिया है। वह शहरी माओवादी वाली भाषा बोल रहे हैं कि जेन जी को आकर संवैधानिक सरकार को उल्ट देना चाहिए”।
राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, “जेन जी परिवारवाद के खिलाफ है। वह पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी के बाद राहुल गांधी को क्यों बर्दाश्त करेगा”? निशिकांत दुबे ने कहा कि राहुल गांधी इस देश में गृहयुद्ध भड़काना चाहते हैं। भाजपा के दूसरे नेताओं ने भी राहुल गांधी के इस बयान की आलोचना की है और कहा है कि वे युवाओं को उकसाने की बातें कर रहे हैं।