नई दिल्ली। पाकिस्तान के साथ सीजफायर की घोषणा के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय सेना के सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर बड़े राजनीतिक कार्यक्रम का ऐलान किया है। भाजपा घोषणा की है कि मंगलवार, 13 मई से वह देश भर में तिरंगा यात्रा निकालेगी। यह यात्रा 10 दिन तक चलेगी और इस दौरान लोगों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान की गई कार्रवाई का जानकारी दी जाएगी। बताया गया है कि यह यात्रा मोदी सरकार के मजबूत नेतृत्व और सशस्त्र बलों की वीरता के बारे में लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए की जा रही है।
तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा 13 से 23 मई तक पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों के खिलाफ भारत के अभियान के बारे में बताएगी और लोगों को एकजुट करने की कोशिश करेगी। हालांकि पार्टी सूत्रों ने इसके पीछे राजनीति होने से इनकार करते हुए कहा है कि अभियान को बहुत अधिक राजनीतिक नहीं बनाया जाएगा और पार्टी एक ऐसे मुद्दे पर लोगों को एकजुट करना चाहते हैं, जिसे समाज के सभी वर्गों का समर्थन मिला है।
बताया गया है कि केंद्रीय मंत्री और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता इस अभियान में शामिल होंगे। गौरतलब है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित पार्टी के शीर्ष नेताओं ने रविवार को इस मुद्दे पर विचार विमर्श किया था। नड्डा ने इस तिरंगा यात्रा के अभियान को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को तरुण चुघ, विनोद तावड़े और दुष्यंत गौतम सहित पार्टी महासचिवों के साथ बैठक की।