टोक्यो। अमेरिका के साथ चल रहे टैरिफ विवाद के बीच जापान की यात्रा पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने चीन के साथ संबंधों को अहम बताया है। प्रधानमंत्री ने दो दिन की जापान यात्रा के पहले दिन शुक्रवार को कहा कि चीन के साथ मजबूत संबंध महत्वपूर्ण हैं और इससे क्षेत्रीय शांति और समृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिरता आएगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली और टोक्यो के बीच दोपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए जापान की दो दिन यात्रा पर हैं और वहीं से शनिवार, 31 अगस्त को चीन के दौरे पर जाएंगे। प्रधानमंत्री चीन के शहर तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसमें रूस, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और बेलारूस भी शामिल हैं।
चीन की यात्रा शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जापानी मीडिया से कहा, ‘राष्ट्रपति शी जिनफिंग के निमंत्रण पर मैं एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए यहां से तियानजिन जाऊंगा। पिछले वर्ष कजान में राष्ट्रपति शी के साथ मेरी मुलाकात के बाद से हमारे दोपक्षीय संबंधों में स्थिर और सकारात्मक प्रगति हुई है’। उन्होंने चीन के साथ संबंधों को अहम बताते हुए कहा, ‘पृथ्वी के दो सबसे बड़े राष्ट्रों, भारत और चीन के बीच स्थिर, पूर्वानुमानित और सौहार्दपूर्ण दोपक्षीय संबंध क्षेत्रीय और वैश्विक शांति और समृद्धि पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। यह बहुध्रुवीय एशिया और विश्व के लिए भी महत्वपूर्ण है’।


