नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति में फिर बढ़ोतरी की है। अब उसे 50 से बढ़ा कर 70 फीसदी करने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में चल रही जंग और होरमुज की खाड़ी बंद होने की वजह से एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद केंद्र सरकार ने कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति कई जगह बंद कर दी थी। बाद में इसे 30 फीसदी क्षमता के साथ चालू किया गया। 23 मार्च को सरकार ने इसे बढ़ा कर 50 फीसदी कर दिया था। अब उसे 70 फीसदी करने का निर्देश दिया गया है।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार, 27 मार्च को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के आवंटन का कोटा 50 से बढ़ा कर 70 कर दिया। इस फैसले का सबसे ज्यादा फायदा उन उद्योगों को मिलेगा जो पूरी तरह एलपीजी पर निर्भर हैं। साथ ही रेस्तरां, होटल और ढाबे को भी इसका लाभ होगा। सरकार ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि स्टील, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और केमिकल जैसे ज्यादा श्रमिकों वाले सेक्टर को प्राथमिकता दी जाएगी।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव डॉ. नीरज मित्तल ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कॉमर्शियल सिलेंडर का कोटा बढ़ाए जाने की जानकारी दी। सरकार के आदेश में छह सेक्टर को प्राथमिकता देने की बात कही गई है। इससे पहले सरकार ने कहा था कि देश में अगले दो महीनों के लिए कच्चा तेल उपलब्ध है। साथ ही यह भी कहा कि एलपीजी, पीएनजी, एलएनजी की आपूर्ति भी पहले की तरह जारी है। सरकार ने माना कि बहुत जगह तेल के लिए लंबी कतारें लगी हैं लेकिन कहा कि देश में तेल की कोई कमी नहीं है।


