पाकिस्तान के नौ आतंकवादी ठिकानों पर की गई भारत की ओर से की गई एयर स्ट्राइक को पाकिस्तान ने युद्ध के लिए उकसावे की कार्रवाई यानी ‘एक्ट ऑफ वॉर’ कहा है। पाकिस्तान ने दावा किया है कि वह भारत से इसका बदला लेगा। उसने जगह और समय चुनकर हमला करने की बात कही है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को पाकिस्तान की संसद में कहा कि भारत ने कायराना हमला किया। उन्होंने फिर दावा दोहराया कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए हमले से पाकिस्तान का कोई लेना-देना नहीं है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के हमले के जवाब में पाकिस्तान ने कार्रवाई की, जिसमें पांच भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराया गया। इनमें तीन राफेल हैं। हालांकि पाकिस्तान का यह दावा झूठा साबित हो चुका है। कई फैक्ट चेक करने वाली वेबसाइट्स ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से जो तस्वीरें जारी की जा रही हैं वह पुरानी और किसी अन्य जगह पर विमानों के दुर्घटनाग्रस्त होने की हैं।
भारत-पाकिस्तान एयर स्ट्राइक पर प्रतिक्रिया
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भारत के एक्शन में पाकिस्तान को फतह हासिल हुई है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की तीनों सेनाएं कई दिनों से तैयारी में लगी थीं, जिसकी वजह से वो भारत के विमानों को गिरा सकीं। इससे पहले प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक हुई, जिसमें भारत के हमले को पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया गया। बैठक में सेना प्रमुखों, आईएसआई चीफ और कई केंद्रीय मंत्रियों ने हिस्सा लिया।
हालांकि दूसरी ओर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान अपनी हिफाजत कर सकता है, लेकिन भारत रुक जाता है तो हम भी रुक जाएंगे। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा, ‘अगर भारत पीछे हटने को तैयार है तो हम भी कदम नहीं उठाएंगे। पाकिस्तान अपनी तरफ से शांति का प्रस्ताव रख रहा है और तनाव को बढ़ने से रोक रहा है’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



