नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के साझा हमले के सातवें दिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान को बिना शर्त सरेंडर करना होगा। उन्होंने कहा है कि जब तक ईरान सरेंडर नहीं करता है तब तक उसके कोई बातचीत नहीं होगी। ट्रंप ने कहा है कि ईरान के सरेंडर के बाद वहां अच्छा और नया नेता चुना जाएगा। गौरतलब है कि ट्रंप ने ईरान के मारे गए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई के बेटे मोज्तबा खामेनेई को नेतृत्व को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। गौरतलब है कि अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था।
राष्ट्रपति ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान के साथ कोई समझौता नहीं होगा, जब तक वह बिना शर्त सरेंडर नहीं करता। उन्होंने कहा कि सरेंडर के बाद ईरान में एक नया और आधुनिक नेतृत्व चुना जाएगा। ट्रंप ने वादा किया कि अमेरिका अपने सहयोगी देशों के साथ मिल कर ईरान को आर्थिक रूप से फिर मजबूत बनाने के लिए काम करेगा। उन्होंने मेक अमेरिका ग्रेट अगेन यानी मागा की तर्ज पर कहा कि भविष्य में ईरान पहले से ज्यादा मजबूत और समृद्ध बन सकता है। उन्होंने ईरान को महान बनाने का वादा किया।
दूसरी ओर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजेश्कियान ने कहा है कि कुछ देशों ने मौजूदा क्षेत्रीय तनाव को खत्म करने के लिए मध्यस्थता की कोशिशें शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि ईरान क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए प्रतिबद्ध है। पजेश्कियान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि कुछ देशों ने संघर्ष को कम करने के लिए सुलह सफाई के प्रयास शुरू किए हैं, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि इन कोशिशों में कौन से देश शामिल हैं। उन्होंने अमेरिका और इजराइल की ओर इशारा करते हुए कहा कि मध्यस्थता के प्रयासों में उन देशों को भी शामिल करना चाहिए, जिन्होंने ईरानी लोगों को कमतर आंका और इस संघर्ष को भड़काया।


