राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

ईरान का सीजफायर से इनकार

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो दिन पहले ईरान के साथ युद्धविराम को एकतरफा तरीके से बढ़ा दिया। अब ईरान ने कहा है कि उसने कोई सीजफायर नहीं किया है। ईरान की संसद यानी मजलिस के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा है कि मौजूदा समय में सीजफायर तभी संभव है, जब नाकाबंदी हटाई जाए। गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच 22 अप्रैल को सीजफायर खत्म हो गया था। ट्रंप ने इसके खत्म होने से पहले ही इसे एकतरफा तरीके से आगे बढ़ा दिया था।

एक तरफ ईरान ने युद्धविराम से इनकार किया है तो दूसरी ओर ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर को लेकर शुक्रवार तक अच्छी खबर आ सकती है। ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने एक संदेश में यह बात कही। पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी संकेत दिया है कि ईरान के साथ अगले 36 से 72 घंटों के भीतर नई बातचीत शुरू हो सकती है। हालांकि, ईरान का कहना है कि उसने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह अमेरिका के साथ नए दौर की वार्ता में शामिल होगा या नहीं।

इससे पहले बुधवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उसके विरोधी धमकियों और आक्रामक कदमों के जरिए बातचीत को कमजोर कर रहे हैं। इस बीच खबर है कि अमेरिकी सेना ने ईरान से जुड़े एक और तेल टैंकर को जब्त कर लिया है। अमेरिकी रक्षा विभाग के मुताबिक, ‘मजेस्टिक एक्स’ नाम के इस टैंकर को हिंद महासागर में पकड़ा गया।

Tags :

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

18 + 6 =