राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

परमाणु व मिसाइल क्षमता से पीछे नहीं हटेगा ईरान

नई दिल्ली। ईरान ने अमेरिका के सामने तेवर दिखाए हैं। उसने कहा है कि वह न तो परमाणु कार्यक्रम छोड़ेगा और न मिसाइल कार्यक्रम बंद करेगा। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की ओर से यह मैसेज देश के राष्ट्रीय टेलीविजन पर पढ़ा गया। इसमें खामेनेई ने कहा है कि उनका देश अपनी परमाणु और मिसाइल क्षमता से किसी भी हाल में पीछे नहीं हटेगा।

खामेनेई का लिखित बयान ईरान के सरकारी टीवी पर पढ़ कर सुनाया गया। इसमें उन्होंने कहा कि ईरान अपनी “परमाणु और मिसाइल ताकत” को देश की संपत्ति मानता है और हर हाल में उसकी रक्षा करेगा। ईरान के सुप्रीम लीडर ने यह भी कहा कि होर्मुज की खाड़ी में अब एक नया दौर शुरू हो गया है, जो आगे चल कर इलाके में शांति, तरक्की और आर्थिक फायदा लाएगा।

अमेरिका पर निशाना साधते हुए खामेनेई ने कहा कि अमेरिका के सैन्य ठिकाने  इतने कमजोर हैं कि वे खुद की सुरक्षा भी ठीक से नहीं कर सकते। ऐसे में वे इस इलाके के दूसरे देशों को सुरक्षा देने का दावा कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्य पूर्व का भविष्य अमेरिका के बिना होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के बिना यह इलाका ज्यादा सुरक्षित और बेहतर होगा।

खामेनेई ने बताया है कि ईरान की सेना ने जंग के दौरान मजबूती, सतर्कता और बहादुरी दिखाई है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में फारस की खाड़ी का इलाका अमेरिका के बिना ज्यादा बेहतर होगा। इस बीच मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सुप्रीम लीडर बनने के बाद से वे कभी भी सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं। उन्होंने अब तक कोई वीडियो या ऑडियो संदेश भी जारी नहीं किया है। उनके सभी बयान हमेशा लिखित रूप में आते हैं, जिन्हें सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाया जाता है। ईरान में लोगों का मानना है कि  ऐसा सुरक्षा कारणों से किया जाता है।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 + eighteen =