नई दिल्ली। ईरान के परमाणु हथियार बनाने के नजदीक पहुंचने की खबरों के बीच इजराइल ने उस पर हमले की तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि अमेरिका को इसका पता है और इसलिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया से अपने ज्यादातर राजनयिकों को वापस बुलाने का फैसला किया है। सीबीएस न्यूज ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले जानकारी दी है कि इजराइल ने ईरान पर हमले की तैयारियों की जानकारी ट्रंप को दे दी है।
तभी अमेरिका को आशंका है कि अगर इजराइल ने हमला किया, तो ईरान बदले में इराक में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है। इसलिए अमेरिका ने बुधवार को मध्य पूर्व से अमेरिकी नागरिकों और कम महत्व के काम में लगे कूटनीतिक अधिकारियों को निकालने का फैसला किया। अमेरिकी विदेश विभाग ने इराक में तैनात गैरजरूरी सरकारी अधिकारियों को लौटने का आदेश दे दिया है, क्योंकि वहां तनाव बहुत बढ़ गया है।
इस घटनाक्रम के बीच, मध्य पूर्व में ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ अभी भी ईरान के साथ परमाणु कार्यक्रम पर छठे दौर की बातचीत की तैयारी कर रहे हैं। यह बातचीत कुछ ही दिनों में होनी है। बहरहाल, राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि अमेरिका मध्य पूर्व के कुछ देशों से अपने सैनिकों को हटा रहा है, क्योंकि वहां हालात खतरनाक हो सकते हैं। ट्रंप ने ईरान के परमाणु हथियारों से जुड़े कार्यक्रम को लेकर कहा, ‘ईरान को परमाणु हथियार नहीं मिल सकते। बहुत सीधी बात है। हम ऐसा नहीं होने देंगे’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



