नई दिल्ली। महाराष्ट्र और झारखंड में शनिवार, 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। दोनों राज्यों में वोटों की गिनती की तैयारियां हो गई हैं। चुनाव आयोग ने पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्तों के साथ मतगणना की तैयारी की है तो दूसरी ओर पार्टियों की भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। दोनों राज्यों में मतदान के बाद आए एक्जिट पोल के अनुमानों से सस्पेंस बढ़ गया है। एक्जिट पोल का अनुमान दोनों राज्यों में बंटा हुआ है। कुछ अनुमानों में एनडीए की बढ़त बताई गई है तो कुछ अनुमानों में ‘इंडिया’ ब्लॉक को आगे बताया गया है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों के लिए बुधवार, 20 नवंबर को एक चरण में मतदान हुआ। महाराष्ट्र में 65.11 फीसदी मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यह 2019 के मुकाबले 3.67 फीसदी ज्यादा है। 2019 में 61.44 फीसदी मतदान हुआ था। उस समय भाजपा और शिव सेना के गठबंधन ने जीत हासिल की थी लेकिन नतीजों के बाद सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद शिव सेना अलग हो गई और उसने कांग्रेस व एनसीपी के साथ सरकार बनाई। ढाई साल के बाद शिव सेना टूट गई। शिव सेना से अलग हुए एकनाथ शिंदे ने भाजपा के साथ सरकार बनाई। इस बार भाजपा, शिव सेना और एनसीपी के गठबंधन का मुकाबला कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिव सेना और शरद पवार की एनसीपी के बीच है।
उधर झारखंड की 81 सीटों पर दो चरण में मतदान हुआ। पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों पर वोट डाले गए थे। पहले चरण में 66 फीसदी से कुछ ज्यादा मतदान हुआ। दूसरे चरण में 20 नवंबर को बची हुई 38 सीटों पर मतदान हुआ। दूसरे चरण में करीब 68 फीसदी मतदान हुआ। इस तरह दो चरणों में राज्य में 67 फीसदी मतदान हुआ। 2019 विधानसभा चुनाव में करीब 64 फीसदी मतदान हुआ था और जेएमएम, कांग्रेस व राजद गठबंधन ने 47 सीटों के साथ जीत हासिल की थी। इस बार मुकाबला कांग्रेस, जेएमएम, राजद और लेफ्ट गठबंधन और भाजपा, आजसू, जदयू और लोजपा गठबंधन के बीच है।
इन दो राज्यों के अलावा 14 राज्यों की 45 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे भी शनिवार को आएंगे। इनमें सबसे अहम उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटें हैं, जिन पर 20 नवंबर को मतदान हुआ। चुनाव आयोग ने इस बार उपचुनाव भी दो चरण में कराए। पहले चरण में 13 नवंबर को 10 राज्यों की 31 विधानसभा और केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर चुनाव कराया। दूसरे चरण में 20 नवंबर को तीन राज्यों की 14 विधानसभा और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर मतदान हुआ। राहुल गांधी के इस्तीफे से खाली हुई केरल की वायनाड सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने चुनाव लड़ा है। उन्होंने पहली बार कोई चुनाव लड़ा है।