कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों के लिए प्रचार समाप्त हो गया है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सभी पार्टियों ने पूरी ताकत लगाई। तृणमूल कांग्रेस की ओर से ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने कई सभाओं को संबोधित किया और ममता ने अपने चुनाव क्षेत्र भबानीपुर में रोड शो किया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चुनावी रैली की और बंगाल की जनता के नाम से एक चिट्ठी भी लिखी। मोदी के अलावा अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने भी सोमवार को रैली की।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर में रोड शो करके अपने चुनाव प्रचार का अंत किया। इससे पहले उन्होंने चुनावी सभाओं को भी संबोधित किया। उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस इस बार भी दो सौ से ज्यादा सीटों पर जीतेगी। उन्होंने कहा कि वे अपने चुनाव क्षेत्र यानी डायमंड हार्बर की सीटों पर जीत का अंतर बढ़ाएंगे। वे अपनी सभाओं में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते रहे हैं।
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की जनता को एक खुला पत्र लिखा। मोदी ने लिखा, ‘बंगाल में रैलियों और रोड शो के दौरान ऐसा लगा जैसे मैं किसी तीर्थयात्रा पर हूं। भीषण गर्मी के बावजूद थकान महसूस नहीं हुई और मां काली के भक्तों तथा लोगों के आशीर्वाद से ऊर्जा मिलती रही’। उन्होंने कहा, ‘पश्चिम बंगाल के पूरे चुनाव अभियान के दौरान मुझे अपने परिवारजनों का जो अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला है, उसने एक नई ऊर्जा से भर दिया है। मैंने इस पत्र में उनके प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं’।
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बेहाला में जनसभा में बंगाल की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि चुनाव के बाद भी कम से कम 60 दिनों तक केंद्रीय बल बंगाल में तैनात रहेंगे। दूसरी ओर कलकत्ता हाई कोर्ट ने भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रहे बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग वाली जनहित याचिका खारिज कर दी। सुवेंदु भवानीपुर में ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।


