नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय के बाद दिल्ली में अब नया प्रदेश कार्यालय भी बन कर तैयार हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की शाम को दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘भाजपा की स्थापना को 45 साल हो गए हैं। जिस बीज से भाजपा आज इतना बड़ा वट वृक्ष बना, उसका रोपण अक्टूबर 1951 में हुआ था। तब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई थी’।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘नवरात्र के इन पावन दिनों में दिल्ली भाजपा को नया कार्यालय मिला है। अटल जी, आडवाणी जी, नानाजी देशमुख, मुरली जी, राजमाता सिंधिया के आशीर्वाद से पार्टी आगे बढ़ी है’। उन्होंने कहा कि समय के साथ दिल्ली जनसंघ की कमान बदलती रही। 1980 में जब भाजपा बनी तो वीके मल्होत्रा दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष बने। भाजपा आज जिस मजबूत स्थिति में है उसके पीछे कार्यकर्ताओं का त्याग है’।
गौरतलब है कि दिल्ली प्रदेश भाजपा का कार्यालय अभी तक 14, पंडित पंत मार्ग पर सरकारी बंगले में था। अब यह भाजपा मुख्यालय के पास दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर शिफ्ट हो गया है। नए कार्यालय की नींव पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नौ जून 2023 को रखी थी। गौरतलब है कि भाजपा ने पिछले कुछ बरसों में देश हर हर राज्य में और हर जिले में अपना कार्यालय बनाना शुरू किया है।