काठमांडू/पटना। नेपाल में पिछले दो दिन से हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और कम से कम 10 लोग लापता हैं। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। बताया जा रहा है कि कोशी नदी का जलस्तर दोगुने से ज्यादा हो गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद नदी पर बने बांध के सभी 56 दरवाजे खोल दिए गए हैं। आमतौर पर 10 से 12 दरवाजे एक साथ खोले जाते हैं। सभी दरवाजे खोले जाने से बिहार के कई हिस्सों में बाढ़ आने का खतरा पैदा हो गया है। राज्य सरकार आपात स्थिति से निपटने की तैयारी कर रही है।
बताया जा रहा है कि नेपाल में सबसे ज्यादा तबाही पूर्वी नेपाल के इलाम जिले में हुआ, जहां भूस्खलन में 37 लोगों की मौत हो गई। जिले के अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे कई इलाकों में सड़कें बंद हो गईं। इससे राहत और बचाव कार्यों में मुश्किल आ रही है। अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मी पैदल ही प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। राजधानी काठमांडू में भी हालात खतरनाक बने हुए हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई घर और बस्तियां डूब गई हैं।
बारिश से हो रही त्रासदी को देखते हुए नेपाल सरकार ने सोमवार और मंगलवार को पूरे देश में सार्वजनिक छुट्टी घोषित कर दिया है। रविवार को मौसम विभाग ने 12 से ज्यादा जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। उधर दक्षिण पूर्वी नेपाल में कोशी नदी का जलस्तर सामान्य से दोगुना से ज्यादा हो गया है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि कोशी बैराज के सभी 56 गेट खोल दिए गए हैं। इससे बिहार में बाढ़ का खतरा है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.


