मुंबई। देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में कई लोगों के गड्डों में गिर कर मरने के बाद अब वित्तीय राजधानी मुंबई में मेट्रो का पिलर गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है और तीन लोग घायल हो गए हैं। घटना मुंबई के मुलुंड इलाके की है, जहां शनिवार की दोपहर को मेट्रो लाइन नंबर चार के पिलर का स्लैब गिर गया। स्लैब एक ऑटो रिक्शा और स्कोडा कार पर गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। एलबीएस रोड, जॉनसन एंड जॉनसन फैक्टरी के पास यह घटना दोपहर 12 बजे हुई।
पिलर के स्लैब के नीचे दबने से दोनों गाड़ियां पूरी तरह से चकनाचूर हो गईं। घटना के बाद मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजनल डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी एमएमआरडीए ने बयान जारी करके कहा कि बीएमसी और डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटीज के साथ मिलकर राहत कार्य और साइट को सुरक्षित करने का काम चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि मरने वाले का नाम रामधन यादव है। घायलों में राजकुमार इंद्रजीत यादव, महेंद्र प्रताप यादव और दीपा रुहिया शामिल हैं। इनमें राजकुमार की हालत गंभीर है और वो आईसीयू में भर्ती हैं।
घटना के बाद मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा कि मेट्रो लाइन का स्लैब एक दिन पहले ही बना था। लापरवाही के चलते बैरिकेड्स लगाकर उसे बंद नहीं किया गया। मुलुंड के विधायक मिहिर कोटेचा ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना को लेकर उद्धव ठाकरे की शिव सेना के नेता आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘पिछले साल मेट्रो लाइन तीन के उद्घाटन के तुरंत बाद बाढ़ आ गई थी और अब दीवार गिर गई। ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा या नहीं’।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



