श्रीनगर/नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को कश्मीर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले में घायल हुए लोगों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दावा किया कि भारत आतंकवादियों को हरा देगा। उनकी पार्टी ने पहलगाम हमले को लेकर दिल्ली में कैंडल मार्च भी निकाला। शाम में राहुल गांधी भी इसमें शामिल हुए। दिन में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया था।
राहुल गांधी का कश्मीर दौरा
इससे पहले शुक्रवार की सुबह लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी श्रीनगर पहुंचे, जहां उन्होंने पहलगाम हमले में घायल लोगों और उनके परिजन से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आतंकी कितनी भी कोशिश कर लें, हम उन्हें हरा देंगे। राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं यहां हालात देखने आया हूं। जम्मू कश्मीर के सभी लोगों ने हमले की निंदा की है। उनका देश को पूरा समर्थन है। मैंने घायल लोगों से मुलाकात की। जिन्होंने भी अपने परिवार का सदस्य खोया है, उन सबके साथ मेरी संवेदनाएं हैं’।
राहुल गांधी ने आगे कहा, ‘हमने कल सरकार के साथ मीटिंग की थी। पूरे विपक्ष ने एकजुट होकर हमले की निंदा की। हमने कहा कि सरकार जो भी फैसला लेगी, हम उसके साथ हैं’। उन्होंने कहा, ‘आतंकी घटना के पीछे यही मकसद था कि समाज को तोड़ा जाए, भाई को भाई के खिलाफ लड़ाया जाए। हर भारतीय एक साथ है। आतंकी कितनी भी कोशिश कर लें, हम उन्हें हरा सकते हैं’। बाद में पहलगाम हमले के विरोध में कांग्रेस ने पार्टी मुख्यालय से कैंडल मार्च निकाला। इसमें राहुल गांधी भी शामिल हुए। इससे पहले दिन में यूथ कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकाली और शांति व एकता का संदेश दिया।
Also Read: CSK की हार से टूटा श्रुति हासन का दिल, स्टेडियम में छलके आंसू…MS धोनी भी रह गए बेबस
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



