नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। सोमवार को सरकार ने पहलगाम हमले को लेकर भड़काऊ रिपोर्टिंग कर रहे पाकिस्तान के 17 यूट्यूब चैनल्स पर पाबंदी लगा दी है। इसमें क्रिकेटर शोएब अख्तर, डॉन न्यूज, समा टीवी और जिओ न्यूज के चैनल भी शामिल हैं। सरकार का कहना है कि ये चैनल्स भारत और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ झूठी और भ्रामक खबरें चला रहे हैं। इस बीच पाकिस्तानी नागरिकों के भारत छोड़ने का सिलसिला जारी है। अब तक आठ सौ पाकिस्तान नागरिक वापस लौट चुके हैं।
हमले के बाद भारत की प्रतिक्रिया को लेकर भी बैठकें चल रही हैं। सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सरकार ने पाकिस्तान का वीजा रद्द करने और उसके नागरिकों को वापस भेजने का फैसला किया था। उसके तहत पिछले छह दिन से पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी का सिलसिला चल रहा है। खबर है कि पिछले छह दिन में आठ सौ पाकिस्तान वापस लौटे हैं और इसी अवधि में एक हजार भारतीय वाघा बॉर्डर से पाकिस्तान से भारत लौटे चुके हैं।
इस बीच पहलगाम घटना पर राजनीति भी चल रही है। कांग्रेस के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने पहलगाम हमले पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। राजद सांसद मनोज झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को और सीपीआई के राज्यसभा सांसद पी संतोष कुमार ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को चिट्ठी लिखी है। सोमवार को रक्षा मामलों की संसद की स्थायी समिति की बैठक भी हुई।
उधर एआईएमआईएम के प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने छत्रपति संभाजीनगर में पाकिस्तान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चाहे पाकिस्तान की इंटेलीजेंस एजेंसी आईएसआई हो, आतंकी संगठन आईएसआईएस हो या फिर पाकिस्तान का कोई संगठन, ये सभी भारत में हिंदू और मुसलमानों के बीच झगड़े कराना चाहते हैं। यही सब कराने के लिए पहलगाम हमला कराया गया। उन्होंने पाकिस्तान सरकार के मंत्री बिलावल भुट्टो पर भी निशाना साधा और याद दिलाया कि उनकी मां की हत्या आतंकवादियों ने की थी।
Also Read: ‘ज्ञान पोस्ट’ के जरिए हर व्यक्ति तक पहुंचेगी शिक्षा: ज्योतिरादित्य सिंधिया
Pic Credit: ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



