नई दिल्ली। इंडिया एआई इमपैक्ट समिट 2026 की शुरुआत जबरदस्त अव्यवस्था के बीच हुई। सोमवार की शाम को पांच बजे इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। लेकिन सुबह सात बजे से भारत मंडपम के सामने लोग जमा होने लगे थे। साढ़े नौ बजे पहला सत्र शुरू होना था, जिसके लिए लोग सुबह सात बजे से लाइन में लगे। अलग अलग हॉल्स में सत्र शुरू होने के बाद दरवाजे बंद कर दिए गए और बड़ी संख्या में लोग बाहर छूट गए। सेंट्रल दिल्ली के ज्यादातर इलाके में पूरे दिन ट्रैफिक का बुरा हाल रहा।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कई चीजों की शिकायत की। एक यूजर ने लिखा कि यह एआई का सम्मेलन था लेकिन एआई जैसा कुछ नहीं दिखा। कई जगह नेट और मोबाइल नेटवर्क काम नहीं कर रहा था। लोग लाइन में लगे थे और उन्हें गाइड करने की कोई सुविधा नहीं थी। एक यूजर ने यह भी लिखा कि लोग सुबह से लाइन में लग कर अंदर पहुंचे लेकिन दोपहर बाद सबको निकाल दिया गया। पूरा इलाका सैनिटाइज किया गया क्योंकि प्रधानमंत्री को शाम में उद्घाटन के लिए आना था। कई डेलिगेट्स, एक्जीबिटर्स और स्टार्टअप फाउंडर्स बाहर छूट गए। वे घंटों इंतजार करते रहे।
तकनीक की दुनिया में भारत की ताकत दिखाने के लिए आयोजित इस सम्मेलन के पहले दिन तकनीकी कमी के साथ साथ व्यवस्था की कई खामियां दिखीं। एक रिपोर्ट के मुताबिक अचानक जब हॉल खाली कराए गए तो कई डेलिगेट्स को उनका सामान नहीं मिला। कई वक्ता अपने समय का इंतजार करते रहे। कहीं साइनेज नहीं था, जिससे लोगों को डायरेक्शन का पता चले। पानी की कमी की शिकायत भी कई लोगों ने की। जितनी संख्या में लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया उसके मुकाबले बहुत कम लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



