नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से पेट्रोल, डीजल और गैस किफायत से खर्च करने की अपील की है। उनकी इस अपील को ‘उपदेश’ बताते हुए विपक्ष ने सरकार पर हमला किया है। विपक्ष ने इसे सरकार की नाकामी बताया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि सरकार चलाना प्रधानमंत्री मोदी के बस में नहीं है। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही तेल के संकट की याद आ गई।
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को लोगों से सात अपील की थी। इसे लेकर राहुल ने मोदी पर हमला किया और इसे सरकार की नाकामी बताया। राहुल ने कहा कि अब देश चलाना प्रधानमंत्री के बस में नहीं रह गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने सोमवार को लिखा, ‘कल मोदी जी ने जनता से त्याग मांगा। सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम इस्तेमाल करो, खाद और खाने के तेल का उपयोग घटाओ, मेट्रो से चलो, घर से काम करो। ये उपदेश नहीं हैं। ये विफलता हैं’।
राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करते हुए कहा कहा, ’12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है। क्या खरीदें, क्या नहीं। कहां जाए, कहां नहीं’। गौरतलब है कि, रविवार को प्रधानमंत्री तेलंगाना के दौरे पर गए थे। वहां हैदराबाद में एक जनसभा में पीएम मोदी ने आयात पर निर्भरता कम करने और डॉलर बचाने की जरूरत पर जोर दिया। मोदी रविवार कहा था, ‘आज के समय में पेट्रोल, गैस और डीजल का इस्तेमाल कम करना होगा। पड़ोस में चल रहे युद्ध के असर से दुनियाभर में पेट्रोल, डीजल के दाम कई गुना बढ़ गए हैं। भारत पर इस वैश्विक संकट का असर ज्यादा है, हमारे पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं’।
इसके बाद मोदी ने लोगों से कहा कि वे विदेश जाना स्थगित करें, एक साल तक सोना नहीं खरीदें और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद कम इस्तेमाल करने को भी कहा। मोदी ने लोगों से यह भी कहा कि जैसे कोरोना महामारी के समय वर्क फ्रॉम होम किया था वैसे ही करने की कोशिश करें।
इसके एक दिन बाद सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘भाजपा सरकार अर्थव्यवस्था और विदेश नीति दोनों को संभालने में विफल रही है। जैसे ही चुनाव खत्म हुए, सरकार को अचानक संकट याद आ गया। असल में देश के लिए केवल एक ही संकट है और उसका नाम भाजपा है’। आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने सोमवार को कहा, ‘कल पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दो महीनों से सरकार आपका बोझ उठा रही थी। अब जब चुनाव खत्म हो गए हैं, तो आपकी उपयोगिता भी खत्म हो गई। आपका बोझ तब तक उठाया, जब तक पांच राज्यों में चुनाव चल रहे थे। अब वे लोगों से कह रहे हैं कि तेल, पेट्रोल और गैस कम इस्तेमाल करें और सोना न खरीदें। क्या उन्हें चुनाव के दौरान यह सब याद नहीं था’।


