गयाजी/कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के गयाजी में और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हजारों करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। कोलकाता में उन्होंने मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर उन्होंने दोनों जगह जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और प्रधानमंत्री को पद से हटाने के लिए लाए गए बिल पर पहली बार बोला। उन्होंने कहा कि लोग जेल में रह सरकार चला रहे थे अब यह नहीं होगा। उन्होंने दोनों राज्यों घुसपैठियों को निकाल बाहर करने का संकल्प जाहिर किया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी लाल किले से भी घुसपैठियों को निकालने की बात कर चुके हैं।
बहरहाल, उन्होंने गयाजी में कहा कि घुसपैठियों को आधार नही बनाने दिया जाएगा और न उनको देश के नागरिकों का राशन उठाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों की पहचान करके उनको निकाला जाएगा। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर घुसपैठियों को वोट बैंक बनाने का आरोप लगाया। कोलकाता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘भारत सरकार ने घुसपैठियों के खिलाफ अभियान चलाया है। तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस सहित इंडी अलायंस सत्ता के लिए घुसपैठ को बढ़ावा दे रहा है’।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘विकसित देशों में घुसपैठियों के खिलाफ मुहिम चल रही है। भारत भी घुसपैठियों को ज्यादा नहीं सह सकता है। आपका एक वोट बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त करा सकता है’। गिरफ्तारी या 30 दिन तक जेल में रहने पर मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और प्रधानमंत्री को पद से हटाने का कानून बनाने वाले बिल पर प्रधानमंत्री ने दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बगैर कहा, ‘मुख्यमंत्री तक जेल से सरकार चलाते हैं। ये संविधान और लोकतंत्र का अपमान है’।
पश्चिम बंगाल की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ‘यहां आजादी के बाद पहले कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी का लंबा दौरा देखा है। आज क्राइम और करप्शन तृणमूल कांग्रेस सरकार की पहचान बन गई। बंगाल कह रहा है टीएमसी जाएगी तभी असली बदलाव आएगा’। उन्होंने कहा, ‘बंगाल को सत्ता परिवर्तन चाहिए, ऐसा परिवर्तन जहां सुशासन होगा। ये परिवर्तन सिर्फ भाजपा ला सकती है’। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी जाएगी और भाजपा आएगी।