नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद से भारत की ओर से पाकिस्तानियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स और यूट्यूब चैनल्स बंद करने का सिलसिला जारी है। फिल्म स्टार, खिलाड़ियों और इनफ्लूएंसर्स के बाद अब भारत ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का आधिकारिक यूट्यूब चैनल और इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक कर दिया। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का सोशल मीडिया अकाउंट भी ब्लॉक किया था।
शहबाज शरीफ के अलावा क्रिकेटर बाबर आजम, हारिस रऊफ, मोहम्मद रिजवान और शाहीन अफरीदी के इंस्टाग्राम अकाउंट भी बंद कर दिए हैं। इस बीच भारत ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से पाकिस्तान को दिए जाने वाले कर्ज की समीक्षा करने को कहा है। एक अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी ने जानकार सूत्रों के हवाले यह खबर दी है। उधर पहलगाम की बैसरन घाटी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए और फोरेंसिक टीम शुक्रवार को जांच करने पहुंची। इंटेलीजेंस सूत्रों ने बताया कि पहलगाम हमला करने वाले आतंकवादी दक्षिण कश्मीर के जंगलों में छिपे हैं। उनके पास राशन पानी है, ऐसे में ये इन पहाड़ी इलाकों में लंबे समय तक रह सकते हैं।
उधर पाकिस्तान की ओर से उकसावे वाली कार्रवाई लगातार जारी है। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी सेना ने लगातार आठवें दिन नियंत्रण रेखा पर युद्धविराम का उल्लंघन किया। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मौजूद जम्मू कश्मीर के पांच क्षेत्रों में भी युद्धविराम का उल्लंघन किया गया। इस बीच खबर है कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान के महानिदेशकों ने एक दिन पहले हॉटलाइन पर बातचीत की, जिसमें पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के संघर्षविराम उल्लंघन पर चर्चा की गई। भारत ने नियंत्रण रेखा पर लगातार युद्धविराम उल्लंघन के खिलाफ पाकिस्तान को चेतावनी दी।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



