प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान पहुंचे। अपने दौरे के दौरान वह दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा के दौरान हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने उनका स्वागत किया।
मोदी दो देशों उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की यात्रा के पहले चरण में ताशकंद पहुंचे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करना और इस क्षेत्र के साथ सभ्यतागत संबंधों को और गहरा करना है।
प्रधानमंत्री मोदी उज्बेकिस्तान की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार, निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा करेंगे।
Also Read : शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर में पूजा-अर्चना की
मोदी ने रवाना होने से पहले कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा तथा ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने तथा ‘विकसित भारत’ और ‘नया उज्बेकिस्तान’ के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह ताशकंद में शास्त्री स्मारक और ‘ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ऑरिएनटल स्टडी’ स्थित महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि ये दोनों देशों के बीच कायम घनिष्ठ सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के संबंधों के प्रति सम्मान के प्रतीक हैं।
ताशकंद से प्रधानमंत्री किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक जाएंगे, जहां वह शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
Pic Credit : ANI
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



