नई दिल्ली। रूस के साथ कारोबार करने की वजह से भारत के ऊपर 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले के बीच खबर आई है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत के दौरे पर आएंगे। वे इस साल के आखिरी हफ्ते में भारत दौरे पर आ सकते हैं। मीडिया में आई रिपोर्ट के मुताबिक, रूस के दौरे पर गए भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल ने यह जानकारी दी है।
खबरों के मुताबिक डोवालल ने रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु से मुलाकात में कहा, ‘अब हमारे बहुत अच्छे रिश्ते बन गए हैं, जिनकी हम कदर करते हैं। हमारे देशों के बीच एक मजबूत साझेदारी है और हम उच्च स्तर पर बातचीत करते हैं’। गौरतलब है कि डोवाल बुधवार को रूस पहुंचे। राष्ट्रपति पुतिन के साथ भी उनकी मुलाकात हो सकती है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद डोभाल की यह पहली मॉस्को यात्रा है।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने को वजह बता कर ही भारत पर पहले 25 फीसदी टैरिफ लगाया और उसके बाद उसे बढ़ा कर 50 फीसदी कर दिया। अमेरिका का लगाया 25 फीसदी टैरिफ लागू हो गया है, जबकि 25 फीसदी टैरिफ 27 अगस्त से लागू होगा। इस विवाद के बीच राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा की खबर अमेरिका को और नाराज करेगी। इससे पहले राष्ट्रपति पुतिन ने छह दिसंबर 2021 को भारत की यात्रा की थी। तब वे सिर्फ चार घंटे के लिए भारत आए थे। उस समय तक ट्रंप राष्ट्रपति के रूप में पहला कार्यकाल पूरा करके हट गए थे। भारत और रूस अपने कारोबार को दोगुना करके सालाना एक सौ अरब डॉलर से ज्यादा करने पर सहमत हुए हैं।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



