नई दिल्ली। संसद के उच्च सदन में लगातार आम जनता से जुड़े मुद्दे उठा रहे राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी ने सदन के उप नेता पद से हटा दिया है। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कारोबारी अशोक मित्तल को राज्यसभा में सदन का उप नेता बनाया है। पार्टी की ओर से राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिख कर चड्ढा को हटाने की जानकारी दी। पत्र में कहा गया कि सदन में पार्टी की तरफ से राघव चड्ढा को बोलने का समय न दिया जाए।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने आम लोगों से जुड़े कई मुद्दे उठाए। उन्होंने जोमैटो, स्विगी के लिए डिलीवरी करने वालों का मुद्दा उठाया और 10 मिनट में डिलीवरी के नियमों में बदलाव कराया। उन्होंने एक महीने की बजाय 28 दिन का सिम रिचार्ज करने, 12 महीने की बजाय 13 महीने का पैसा लेना, रिचार्ज खत्म होने पर इन कमिंग कॉल बंद करने, डाटा कैरी फॉरवर्ड नहीं करने, उड़ान में देरी होने पर यात्रियों को होने वाली परेशानी आदि का मुद्दा संसद में उठाया था। उन्होंने स्कूलों की फीस का मुद्दा भी उठाया था।
बहरहाल, राघव चड्ढा 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। उनका कार्यकाल 2028 तक है। उनको उप नेता पद से हटाने की वजह पार्टी ने नहीं बताई है। हालांकि, उन्होंने लंबे समय से पार्टी से दूरी बना ली थी और आम आदमी पार्टी को लेकर कोई बयान नहीं दे रहे हैं। 27 फरवरी को जब सीबीआई की अदालत से अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब नीति मामले में राहत मिली, तब भी उन्होंने कोई बयान नहीं दिया था।
Leave a comment
You must be logged in to post a comment.



