भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला किया है। कांग्रेस के संगठन से जुड़े अभियान में हिस्सा लेने भोपाल पहुंचे राहुल गांधी ने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति के सामने प्रधानमंत्री मोदी ने सरेंडर कर दिया। उन्होंने पाकिस्तान के आतंकवादी शिविरों के खिलाफ हुए ऑपरेशन सिंदूर पर कहा, ‘ट्रंप का एक फोन आया और नरेंद्र जी तुरंत सरेंडर हो गए’। उन्होंने कहा, ‘इतिहास गवाह है, यही बीजेपी-आरएसएस का कैरेक्टर है। ये हमेशा झुकते हैं। भारत ने 1971 में अमेरिका की धमकी के बावजूद पाकिस्तान को तोड़ा था। कांग्रेस के बब्बर शेर और शेरनियां सुपर पावर से लड़ते हैं, कभी झुकते नहीं हैं’।
राहुल गांधी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की। प्रदेश में यह अभियान 10 जून से 30 जून तक चलेगा। इसके लिए राहुल ने छह घंटे में चार अलग अलग बैठकें कीं। राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा, ‘तीन तरह के घोड़े होते हैं। रेस वाला, बारात वाला और लंगड़ा घोड़ा। रेस वाला घोड़ा दौड़कर आगे बढ़ जाता है। बारात वाला घोड़ा, बारात तक ही चल पाता है। तीसरा घोड़ा लंगड़ा होता है जो किसी काम का नहीं होता। हमें रेस वाला घोड़ा बनना है। दौड़कर आगे जाना है’।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जाति गणना और आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश में दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की आबादी करीब 90 फीसदी है, लेकिन इनकी भागीदारी ही नहीं है। उन्होंने कहा, ‘देश में कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों को ही सारा पैसा दिया जाता है। आज दो हिंदुस्तान बन रहे हैं, एक 90 फीसदी का हिंदुस्तान और दूसरा कुछ चुने हुए लोगों का हिंदुस्तान। ऐसे में हम सुपर पावर बनने की चाहे कितनी भी बात कर लें, लेकिन ये तभी संभव है जब हिंदुस्तान अपनी पूरी शक्ति का उपयोग करे’।
राहुल गांधी ने अंबानी और अडानी का मुद्दा उठाया और कहा, ‘देश का पूरा धन चुनिंदा लोगों के हाथ में सौंपा जा रहा है। चारों तरफ बस दो तीन लोग दिखते हैं, जैसे इनके अलावा देश में कोई और बिजनेसमैन हैं ही नहीं। अमेरिका में अडानी पर केस चल रहा है, लेकिन हिंदुस्तान में ये कुछ भी कर सकते हैं, क्योंकि ये नरेंद्र मोदी के दोस्त हैं’। उन्होंने कहा, ‘अडानी और अंबानी चीन का माल भारत में बेचते हैं, खुद कमाई करते हैं और रोजगार चीन के युवाओं को मिलता है, जबकि यहां के युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। ये हिंदुस्तान की सच्चाई है। इस देश के युवा को रोजगार नहीं मिल रहा है और इसे छिपाया नहीं जा सकता है’। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना से पता चल जाएगा कि किसको फायदा मिल रहा है और किसके साथ अन्याय हो रहा है।