राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

चुनाव आयोग को राहुल की धमकी

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को एक बार फिर चेतावनी दी है। राहुल ने धमकी के अंदाज में कहा है कि उनके पास एटम बम है, जिससे चुनाव आयोग बचेगा नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर चुनाव आय़ोग के अधिकारी समझ रहे हैं कि रिटायर हो जाने के बाद बच जाएंगे तो वह भी नहीं होगा। बाद में चुनाव आयोग की ओर से इस पर प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए कहा गया कि इस तरह के निराधार और गैर जिम्मेदार आरोपों पर उनको कुछ नहीं कहना है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 24 जुलाई को भी चुनाव आयोग को इसी तरह की चेतावनी दी थी। उन्होंने शुक्रवार, एक अगस्त को संसद से बाहर निकलते हुए मीडिया से बातचीत में कहा, ‘चुनाव आयोग वोटों की चोरी करा रहा है। हमारे पास एटम बम है। जब फटेगा तो चुनाव आयोग बचेगा नहीं। चुनाव आयोग में जो भी वोट चुराने का काम कर रहे हैं, उन्हें हम छोड़ेंगे नहीं’। राहुल ने आगे कहा, ‘आप हिंदुस्तान के खिलाफ काम कर रहे हैं, जो देशद्रोह है। आप कहीं भी हों, चाहे आप रिटायर ही क्यों न हो जाएं, हम आपको ढूंढ निकालेंगे’।

इससे पहले 24 जुलाई को राहुल गांधी ने कहा था, ‘मैं चुनाव आयोग को एक मैसेज देना चाहता हूं। अगर आपको लगता है कि आप इससे बच निकलेंगे, अगर आपके अधिकारी सोचते हैं कि वे बच जाएंगे, तो ये आपकी गलतफहमी है। हम आपको बच के जाने नहीं देंगे’।राहुल ने चुनाव आयोग पर हमला करते हुए कहा, ‘मैं इसे हल्के में नहीं, बल्कि सौ प्रतिशत प्रमाण के साथ कह रहा हूं। जैसे ही हम इसे जारी करेंगे, पूरे देश को पता चल जाएगा कि चुनाव आयोग भाजपा के लिए वोट चुराने का काम कर रहा है’।

राहुल गांधी ने कहा, ‘हमें मध्य प्रदेश चुनाव, लोकसभा चुनाव में शक था, महाराष्ट्र चुनाव के दौरान हमारा शक और बढ़ गया। राहुल ने कहा, ‘चुनाव आयोग ने कर्नाटक की एक सीट पर धोखाधड़ी कराई। हमारे पास इसके सौ फीसदी सबूत हैं। एक ही चुनाव क्षेत्र में 50, 60 और 65 साल के हजारों नए वोटरों को सूची में जोड़ा गया है और 18 साल से ज्यादा उम्र के मतदाताओं को सूची से हटा दिया गया है’।

राहुल के बयान के बाद शुक्रवार को चुनाव आयोग ने कहा कि वह ऐसे निराधार आरोपों को नजरअंदाज करता है। आयोग की ओर से कहा गया, ‘लगातार दी जा रही धमकियों के बावजूद, हम सभी चुनाव अधिकारियों से कहना चाहते हैं कि वे पहले की तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से काम करें। गैरजिम्मेदाराना बयानों को नजरअंदाज करें’।

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 − 2 =