नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर मेडिकल में दाखिले के लिए हुई नीट परीक्षा के पेपर लीक का मामला उठाया। उन्होंने तीसरी बार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। राहुल ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। राहुल ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जब मोदी जी इटली में टॉफी खिलाते हुए रील बना रहे थे। तब पेपर लीक से त्रस्त भारत के युवा सड़कों पर न्याय मांग रहे थे। राहुल ने जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन करते हुए वीडियो भी शेयर किया।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधई ने आगे लिखा, ‘नीट पेपर लीक ने लाखों छात्रों का भविष्य बरबाद कर दिया। कई बच्चों ने तो अपनी जान तक गंवा दी। और मोदी जी ने न जिम्मेदारी ली, न धर्मेंद्र प्रधान को हटाया, न एक शब्द कहा’। राहुल ने आगे कहा, ‘अब जब छात्र, एनएसयूआई और कांग्रेस के कार्यकर्ता न्याय की आवाज उठा रहे हैं। भाजपा की प्रदेश सरकारें उन पर लाठियां बरसा रही हैं। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते’।


