पूर्णिया। वोटर अधिकार यात्रा के क्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद के नेता तेजस्वी यादव रविवार को अररिया पहुंचे। पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव उनके साथ थे। पप्पू यादव ने राजद और तेजस्वी से पुराने गिले शिकवे भून कर उनकी खूब तारीफ की। उनको बिहार का भविष्य बताया। हालांकि राहुल गांधी ने तेजस्वी को मुख्यमंत्री घोषित करने के सवाल पर चुप्पी साध ली। एक पत्रकार के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम दोनों के बीच बहुत अच्छा तालमेल है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने अभी तक विपक्षी गठबंधन की ओर से तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का दावेदार नहीं घोषित किया है।
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा कर रहे राहुल और तेजस्वी यात्रा के आठवें दिन पूर्णिया और अररिया पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को शादी करने की सलाह दी। चिराग को लेकर किए सवाल पर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘वे एक व्यक्ति विशेष के हनुमान हैं। हम जनता के हनुमान हैं। चिराग पासवान आज कोई मुद्दा नहीं हैं। मैं उन्हें सलाह जरूर दूंगा, वह हमारे बड़े भाई हैं और उन्हें जल्द से जल्द शादी करनी चाहिए।’ इस पर राहुल गांधी ने कहा, “यह बात मुझ पर भी लागू होती है”।
इससे पहले रविवार सुबह यात्रा पूर्णिया से शुरू हुई, जहां राहुल गांधी ने बुलेट चलाई। इस दौरान उनके पीछे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम बैठे दिखे। राहुल ने दो किलोमीटर तक बाइक चलाई। इस दौरान उनका एक समर्थक अचानक से सामने आ गया। तेजस्वी यादव दूसरी बुलेट पर नजर आए। उनके पीछे बॉडीगार्ड था। यात्रा में तेजस्वी यादव के साथ विकासशील इंसान पार्टी के नेता मुकेश सहनी, सीपीआई माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य भी मौजूद थे।
पूर्णिया से अररिया जाने के दौरान जलालगढ़ ब्लॉक में राहुल गांधी ने ढाबे पर रुककर चाय पी। करीब आधे घंटे तक वो ढाबे पर रुके। ढाबे वाले से हालचाल भी पूछा। यहां से रविवार की शाम राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सोमवार को यात्रा में एक दिन का ब्रेक होगा। इसके बाद 26 अगस्त को प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल होंगी।