राज्य-शहर ई पेपर व्यूज़- विचार

मुंबई में बारिश से आफत

पूर्वोत्तर

मुंबई/तिरूवनंतपुरम। मानसून समय से आठ दिन पहले केरल पहुंचा और तय समय से 16 दिन पहले मुंबई पहुंच गया। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश हुई है लेकिन देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में आसमान से आफत बरसी है। सोमवार को बारिश का 107 साल का रिकॉर्ड टूटा गया। मुंबई के अंडरग्राउंड मेट्रो में पानी भरा है और ट्रेनें थमी हैं।

पटरियों पर पानी भरने से कई इलाकों में लोकल ट्रेन सेवा बंद हो गई है। दर्जनों उड़ानें रद्द हुई हैं या डाइवर्ट की गई हैं। पेड़ गिरने से कई इलाकों में मीलों लंबा जाम लगा है और हजारों लोग अलग अलग जगहों पर फंसे हैं। मौसम विभाग ने मुंबई में रेड अलर्ट जारी किया है।

बहरहाल, मुंबई में सोमवार सुबह से ही तेज बारिश शुरू हो गई। हाल ही में शुरू हुए वर्ली अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में बारिश का पानी भर गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने एक मई को ही इसका उद्घाटन किया था। घने बादलों की वजह से दृश्यता कम हो गई है, जिससे अनेक उड़ानें प्रभावित हुई हैं। बारिश के साथ मुंबई में 70 से 80 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चली, जिससे कई इलाकों में पेड़ गिर गए हैं। बारिश के बाद कई जगह लंबा जाम लगा हुआ है। हार्बर, सेंट्रल लाइन पर लोकल ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। हजारों लोग अभी भी फंसे हुए हैं।

महाराष्ट्र के दूसरे हिस्सों में भी रविवार से ही भारी बारिश हो रही है। पुणे में रविवार की तेज बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं। पुणे-सोलापुर हाईवे पर पाटस इलाके में बादल फटने से पुणे के बारामती और इंदापुर में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। बारिश के बाद वहां सड़कें पानी में डूब गईं। सैकड़ों घरों में पानी भर गया और कई गाड़ियां बह गईं। एनडीआरएफ की दो टीमें राहत कार्य में लगी हैं।

उधर केरल में मानसून पहुंचने के बाद से भी लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने चार दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है। भारी बारिश के कारण नौ जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कई शहरों और कस्बों में बारिश से मकान तबाह हुए हैं।

Also Read: हमले के आधे घंटे बाद पाक को जानकारी दी थी

प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव क्षेत्र वायनाड में भारी बारिश से एक बार फिर भूस्खलन की आशंका जताई जा रही है। त्रिशूर में चलती ट्रेन पर पेड़ गिर गया। कोझिकोड में स्कूटर चलाते समय एक व्यक्ति पर पेड़ गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। कोडंचेरी में एक भाई-बहन की करंट लगने से मौत हो गई। उत्तरी पलक्कड़ जिले में 40 घर टूटे हैं। वायनाड के कई क्षेत्रों से कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।

बहरहाल, देश के नौ राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। 24 मई को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी को कवर करने बाद मानसून 25 मई को पूरे गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों सहित मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड तक पहुंच गया। रविवार को महाराष्ट्र में 35 साल बाद तय समय से पहले मानसून पहुंचा। राज्य में मानसून अमूमन पांच जून के आसपास एंट्री करता था। इस बार 10 दिन पहले पहुंचा। इसके पहले 1990 में 20 मई को पहुंचा था। मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Pic Credit: ANI

By NI Desk

Under the visionary leadership of Harishankar Vyas, Shruti Vyas, and Ajit Dwivedi, the Nayaindia desk brings together a dynamic team dedicated to reporting on social and political issues worldwide.

Leave a comment